देश की राजधीनी दिल्ली में पहलवान 11 दिनों से सड़कों पर धरने पर बैठे हैं। जंतर-मंतर पर जारी धरना प्रदर्शन के दौरान बीती रात पहलवानों की पुलिस झड़प हो गई। पहलवानों का आरोप है कि नशे में पुलिसकर्मियों ने मारपीट की और अपशब्द कहे। जिसमें दो पहलवान घायल हो गए। इस झड़प के बाद रेसलर बजरंग पुनिया, साक्षी मलिक और विनेश फोगाट ने गृह मंत्री को लेटर लिखकर ये चार मांगें रखी हैं।

गुरुवार सुबह पहलवानों ने प्रेस कॉन्‍फ्रेंस की। पूनिया ने मेडल वापस लौटाने की धमकी देते हुए कहा कि उन लोगों के साथ ठीक व्‍यवहार नहीं हो रहा है। इधर, सुप्रीम कोर्ट ने पहलवानों की याचिका पर कहा कि हाई कोर्ट का रुख करें। वहीं बजरंग पूनिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए देशवाशियों से जंतर मंतर पहुंचने की गुहार लगाई है।

अब इस पर फिल्ममेकर अशोक पंडित ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। फिल्ममेकर ने ट्वीट करते हुए कहा है कि हम क्यों तुम्हारा सपोर्ट करें? आप लोग तो देश तोड़ने की कोशिश करने वालों की कठपुतली बन गए हैं। अशोक पंडित का यह ट्वीट सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। जिसपर लोग अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

अशोक पंडित ने किया ट्वीट

जाने माने फिल्ममेकर अशोक पंडित ने ट्वीट करते हुए लिखा कि समर्थन किस लिए? आप पहलवानों से ज्यादा राजनीतिक कार्यकर्ता है। भारत को तोड़ने की कोशिश करने के लिए जिम्मेदार सभी लोग आपके पक्ष में हैं। लोगों का आप पर से विश्वास उठ गया है क्योंकि आप उनकी कठपुतली बन गए हैं।

यूजर्स की प्रतिक्रियाएं

अशोक पंडित के इस ट्वीट पर सोशल मीडिया यूजर्स अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। रफीक नाम के यूजर ने लिखा कि ‘देश के लिए मेडल लाने वाले ये खिलाड़ी अब देशविरोधी हो गए? स्टेज पर कोई आ जाये तो उनके साथ हुए अपराध खत्म हो गए? तुम्हारी बेटी होती तो यही बोलते?’

अनुराग नाम के यूजर ने लिखा कि ‘जैसे ही कोई भी व्यक्ति भाजपा मंत्रियों या भाजपा सरकार के खिलाफ कोई आरोप लगाता है आप जैसे लोग उन्हें कभी देशद्रोही, देश तोड़ने वाला तो कभी राजनीतिक साजिश बताने लगते हो, आप लोग देश को गर्त में धकेल रहे हैं ।’ राजीव नाम के यूजर ने लिखा कि ‘कुछ शर्म करो ये वो बेटियां हैं जो देश के लिए गोल्ड मेडल लाई हैं देश का नाम ऊंचा किया। यहां पे मारे-पिटे, गाली-गलौज दिया जा रहा क्या ये जायज हैं?’