फिल्म मेकर अशोक पंडित अकसर हर मुद्दे पर मुखरता से अपनी बात रखते हैं। इन दिनों जहां देश के पांच राज्यों में चुनाव हैं तो ऐसे में अशोक पंडित और भी ज्यादा एक्टिव हैं और हर मुद्दे और बयान को लेकर सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

इसी बीच अब अशोक पंडित ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी है जिसमें प्रियंका ने पीएम मोदी की पगड़ी पर तंज कसा था. दरअसल, पंजाब चुनाव के दौरान पीएम मोदी और दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने प्रचार में सिख पगड़ी पहनी थी।

इसी को लेकर प्रियंका गांधी ने मीडियो से बातचीत में कहा, “मैंने कहा कि पीएम और केजरीवाल जी पंजाब आकर मंच पर एक बनावटी पगड़ी पहनते हैं वो उससे सरदार नहीं बनते हैं। दोनों का जन्म आरएसएस से हुआ था। ये दोनों किसान और गरीब विरोधी हैं”

प्रियंका गांधी के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अशोक पंडित ने ट्वीट किया, ‘अगर एक इटालियन अपने आप को हिंदुस्तानी समझ सकता है या सकती है तो हिंदुस्तान का कोई भी बंदा अपने आप को किसी भी राज्य का बाशिंदा समझ सकता है!’

इस मामले पर सोशल मीडिया यूजर्स की मिली जुली प्रतिक्रियां देखने को मिल रही हैं। रंजन नाम के ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘राजीव गांधी के कार्यकाल के दौरान सिखों का सबसे बड़ा नरसंहार हुआ था और अब उन्ही की बेटी ये सर्टिफिकेट देगी की सरदार कौन हैं?’ तो कहीं आयुष नाम के ट्विटर यूजर ने प्रियंका गांधी को सपोर्ट करते हुए लिखा, ‘जिसके दिल में भारत हो वो कहीं भी रह कर हिंदुस्तानी हो सकता है हो सकती है।

अशोक पंडित ने प्रियंका गांधी का एक वीडियो भी शेयर किया है। जिसमें वह बीजेपी पर प्रहार करते हुए कह रही हैं कि इनके मंत्री के पुत्र ने 6 किसानों को कुचला। क्या उन्होंने इस्तीफा दिया? हमारे प्रधानमंत्री जी बहुत नेक हैं.. सब कहते हैं कि बहुत अच्छे हैं तो उन्होंने इस्तीफा क्यों नहीं मांगा। क्या देश के प्रति उनकी कोई नैतिक जिम्मेदारी नहीं है? आज उसको इस्तीफा मिला है, कल वह खुला घूमेगा।

इस वीडियो के साथ फिल्म मेकर ने लिखा कि ऐसा लग रहा है जैसे रॉबर्ट वाड्रा को यह कहकर डांट रही है कि यह सड़ी हुई सब्जी क्यों लाई। जिसका मायका व ससुराल दोनों जमानत पर चल रहा हो, वो जमानत पर ज्ञान बांट रही हैं। आप धन्य हैं प्रियंका जी लगे रहिए। इसके साथ उन्होंने यह भी लिखा कि आएंगे तो योगी जी, योगी जी हैं तो यूपी सुरक्षित है।