Republic TV, R Bharat Debate Show, Poochta Hai Bharat: हिंदी न्यूज चैनल रिपब्लिक भारत और उसके एडिटर अर्णब गोस्वामी बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत केस को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। कंगना रनौत भी सुशांत सिंह राजपूत केस को लेकर बेबाकी से अपनी राय रख रही हैं। इस बीच कंगना रनौत और शिवसेना नेता संजय राउत के बीच चल रहे विवाद पर अर्णब गोस्वामी ने संजय राउत को खरी-खरी सुनाई है।
रिपब्लिक भारत पर डिबेट के दौरान अर्णब गोस्वामी ने कहा, ‘देशवासियों आज पूरे देश का खून खौल रहा है क्योंकि सुशांत के लिए इंसाफ मांगने वालों को न्याय नहीं गंदी गालियां मिल रही हैं। उद्धव ठाकरे के सबसे प्रिय नेता संजय राउत ने सबसे पहले कहा कि कंगना रनौत तुम मुंबई आओ हम देख लेंगे। अब कंगना के लिए संजय राउत की वो गंदी और अश्लील भाषा जिसे सभ्य समाज सुन नहीं सकता ऐसी भाषा का प्रयोग वह कर रहे हैं। शर्म करो संजय राउत तुमने देश की हर एक बेटी का अपमान किया है।’
अर्णब गोस्वामी ने आगे कहा, ‘संजय राउत ऐसा आदमी है जिसके खुद के खिलाफ कितनी शिकायत आ चुकी हैं वो भी बहुत जल्द ब्रेकिंग न्यूज़ होने वाली है। भारत में महिला आयोग में जो संजय राउत के खिलाफ केस है उसपर भी ब्रेकिंग न्यूज आने वाली है। संजय राउत के खिलाफ राष्ट्रीय महिला आयोग में कंप्लेन हुई है लेकिन इस बात को महाराष्ट्र सरकार ने दबा कर रखी है। यह लोग इंसाफ की आवाज को सत्ता की ताकत से दबाना चाहते हैं।’
अर्णब गोस्वामी ने आगे कहा, ‘इस वक्त पूरी महाराष्ट्र सरकार कंगना को चरित्र प्रमाण पत्र बाट रही है क्योंकि वह सुशांत के लिए इंसाफ मांग रही है। हम लोग भी सुशांत के लिए इंसाफ मांग रहे हैं। क्या कर लोगे तुम संजय राउत दबाओगे लोगों की आवाज। राष्ट्रीय महिला आयोग में बताओ तुम्हारे खिलाफ केस है या नहीं है संजय राउत? यह सवाल मैं नहीं आज पूरा भारत पूछ रहा है। इस सवाल का जवाब दो संजय राउत। यह बात बहुत जल्द सामने आएगी।’
बता दें कि कंगना रनौत और शिवसेना नेता संजय राउत के बीच जुबानी जंग चल रही है। संजय राउत ने कंगना रनौत की आलोचना करते हुए उन्हें ‘हरामखोर’ लड़की तक कह दिया था। कंगना ने वीडियो पोस्ट के जरिए संजय राउत को इसका जवाब दिया था वहीं अपने इस बयान पर घिरने के बाद संजय राउत ने कहा है कि ‘हरामखोर’ शब्द का महाराष्ट्र में मतलब नॉटी और बेईमान होता है।