90 के दशक की पॉपुलर सिंगर अलका याग्निका (Alka Yagnik) अपनी बेहतरीन गायिकी के लिए जानी जाती हैं। उनकी आवाज का फैन कौन नहीं है। उनके गाने आज भी लोगों की जुबान पर रहते हैं। वो 90s की ‘क्वीन ऑफ प्लेबैक सिंगर’ हुआ करती थीं। लेकिन, क्या आप जानते हैं उनकी आवाज का जादू एक आतंकी पर भी था? वो उनका जबरा फैन था। ये कोई और नहीं बल्कि 9/11 का मास्टरमाइंड ओसामा बिन लादेन था। इस बात का खुलासा साल 2011 में उसके एनकाउंटर के बाद हुआ था। उसके जबरा फैन होने पर अलका याग्निक ने भी रिएक्शन दिया था। चलिए बताते हैं पूरे मामले के बारे में और सिंगर ने क्या कुछ कहा था।
दरअसल, ओसामा बिन लादेन को अमेरिकी सील कमांडो ने मार गिराया था। उसकी मौत के बाद पाकिस्तान स्थित उसके घर की तलाशी ली गई थी, जिसमें सीआईए के मुताबिक कई गानों के कैसेट मिले थे। इसमें कुमार सानू, अलका याग्निक और उदित नारायण के गानों के कैसेट थे। सीआईए ने उस समय जानकारी शेयर की थी कि वो अलका याग्निक का बड़ा फैन था। खास बात ये रही थी कि ओसामा के कलेक्शन में सलमान खान, माधुरी दीक्षित के गानों के अलावा ट्विंकल ट्विंकल लिटिल स्टार भी शामिल था।
ओसामा के ठिकाने पर मिले थे इन गानों के कलेक्शन
ओसामा के ठिकाने से मिले हिन्दी गानों में अजय देवगन और काजोल की फिल्म ‘प्यार तो होना ही था’ का गीत ‘अजनबी मुझको इतना बता’, सलमान खान और माधुरी दीक्षित की फिल्म ‘दिल तेरा आशिक़’ का टाइटल गीत और 1994 में आई फिल्म ‘जाने तमन्ना’ का गीत ‘तू चांद है पूनम का’ शामिल थे।
क्या बोली थीं अलका याग्निक?
जब अलका याग्निक को पता चला कि ओसामा बिन लादेन उनका जबरा फैन था तो उस पर उन्होंने अपना रिएक्शन भी दिया। इस पर बात करते हुए उनकी एक वीडियो क्लिप भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। सिंगर ने स्पोर्ट्स कलेक्शन से बात करते हुए ओसामा के फैन होने पर प्रतिक्रिया दी और कहा, ‘क्या इसमें मेरी कोई गलती है? ओसामा बिन लादेन जो भी है, जैसा भी है उसके अंदर एक छोटा सा कलाकार होगा कहीं। अगर ये है तो अच्छा है ना।’ ओसामा के घर में उनके कैसेट्स मिलने की बात को भी सिंगर ने सही बताया। ओसामा के घर पर अलका के गानों की 100 से ज्यादा गानों की रिकॉर्डिंग्स मिली थी।
6 साल की उम्र में शुरू किया था करियर
अलका याग्निक कोलकाता के एक गुजराती परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनका जन्म 20 मार्च, 1966 को हुआ था। उनकी मां शुभा खुद भी एक क्लासिकल सिंगर थीं। अलका जब 6 साल की थीं तो उन्होंने पहली बार रेडियो पर आकाशवाणी के लिए गाना शुरू कर दिया था। इसके बाद 10 साल की उम्र में वो मुंबई आ गई थीं और फिर सिंगर बनने की तैयारी करने लगी थीं।
राज कपूर से मुलाकात और पलट गई किस्मत
अलका याग्निक मुंबई आईं तो यहां पर उनकी मुलाकात राज कपूर से हुई और इस थोड़ी देर की मुलाकात के बाद उनकी किस्मत ही बदल गई। कोलकाता के एक डिस्ट्रीब्यूटर ने उनकी मुलाकात राज कपूर से करवाया था। उस समय राज कपूर, अलका की आवाज सुनकर बेहद खुश हुए थे और इसी दौरान उन्होंने लक्ष्मीकांत प्यारेलाल को चिट्ठी लिख डाली। प्यारेलाल ने अलका को दो ऑप्शन दिए। पहली कि वो अभी से बतौर डबिंग आर्टिस्ट काम करें, दूसरा बतौर सिंगर फिल्मों में एंट्री के लिए थोड़ा इंतजार करें। अलका ने दूसरा ऑप्शन चुना।
‘एक दो तीन’ गाने से मिली पॉपुलैरिटी
अलका याग्निक की किस्मत का दरवाजा 1980 में खुला जब उन्होंने फिल्म ‘प्यार की झनकार’ के लिए पहला गीत गाया। लेकिन, 1988 में उन्हें पॉपुलैरिटी हासिल हुई। उस समय फिल्म ‘तेजाब’ रिलीज हुई और इसमें एक गाना ‘एक दो तीन’ था, जो काफी हिट हुआ। इसे एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित पर फिल्माया गया था। इस गाने की वजह से अलका को पहला बेस्ट फीमेल सिंगर का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला। इसके बाद वो करियर में आगे बढ़ीं और फिर उनकी तुलना तब लता मंगेशकर और आशा भोसले से होने लगी थी।
अलका याग्निक का दूसरा हिट सॉन्ग ‘चोली के पीछे क्या है’ रहा था, जिसे फिल्म ‘खलनायक’ में माधुरी दीक्षित पर फिल्माया गया था। इस गाने को लेकर उस समय काफी विवाद रहा था। इसे अश्लील और भद्दा तक बताया गया था। इस गाने की वजह से फैंस ने अलका के गानों के कैसेट्स तक को जला दिए थे। भले ही इसके लिए कितना ही विवाद हुआ हो लेकिन, इस गाने के लिए सिंगर को दूसरा फिल्मफेयर अवॉर्ड मिल गया था।
अलका याग्निक की पर्सनल लाइफ
प्रोफेशनल लाइफ के साथ ही अलका याग्निक की निजी जिंदगी भी काफी चर्चा में रही है। अलका ने नीरज कपूक से साल 1989 में शादी की थी, जो कि शिलॉन्ग बेस्ड बिजनेसमैन हैं। शादी के बाद सिंगर पति के साथ लंबे समय तक लॉन्ग डिस्टेंस रिलेशनशिप में रहीं। इसकी वजह थी कि वो अपना करियर बढ़ाने के लिए मुंबई आ गई थीं जबकि नीरज बिजनेस छोड़कर नहीं आना चाहते थे। हालांकि, 4-5 साल बाद वो मुंबई शिफ्ट हो गए थे। इस शादी से सिंगर की एक बेटी सायशा हैं, जिसकी साल 2018 में अमित देसाई से शादी हुई थी।
जब अलका याग्निक ने गुस्से में आमिर खान को रिकॉर्डिंग स्टूडियो से निकलवा दिया था बाहर, ये थी वजह