2019 लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टियों ने अपनी कमर कस ली है। बुधवार को प्रियंका गांधी की आधिकारिक तौर पर राजनीति में एंट्री हो गई। कांग्रेस ने प्रियंका को उत्तर प्रदेश में पूर्वी हिस्से की जिम्मेदारी दी गई है। यानी 2019 के लोक सभा चुनाव में प्रियंका पूर्वी उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी संभालते हुए नजर आएंगी। बता दें कि फिलहाल तक प्रियंका चुनावों में मां सोनिया की संसदीय सीट रायबरेली में चुनाव प्रचार जरूर करती थीं लेकिन पार्टी में उनके पास कोई पद नहीं था। ऐसे में इस बार उन्हें महासचिव का पद दिया गया है। ऐसे में आपको बताते हैं एक किस्सा जब प्रियंका ने नरेन्द्र मोदी पर वार करते हुए कहा था कि देश चलाने के लिए 56 इंच के सीने की जरूरत नहीं है।

2014 में अमेठी में मोदी ने किया था वार: बता दें कि मई 2014 में उस वक्त पीएम पद के दावेदार बन नरेन्द्र मोदी अमेठी पहुंचे थे और गांधी परिवार पर जोरदार हमला किया था और कहा था कि राहुल गांधी अपने पिता के तरह ही गुस्से की राजनीति करते हैं। इसके साथ ही मोदी ने स्मृति ईरानी को वोट देने की बात भी जनता से कही थी।

क्या बोले मोदी और प्रियंका: मोदी ने कहा था – राहुल भैया कहते हैं कि मोदी गुस्से की राजनीति कर रहे हैं। लेकिन जब राजीव हैदराबाद गए थे तब आंध्र प्रदेश की सीएम उन्हें एयरपोर्ट पर रिसीव करने आए थे लेकिन राजीव ने उनकी बेइज्जती की। सीएम साहब राजीव से उम्र में बड़े थे। उस वक्त राजीव सिर्फ जनरल सेक्रेटरी थे जबकि उनका माता इंदिरा जी प्रधानमंत्री। उस वक्त प्रियंका ने भी मोदी पर पलटवार करते हुए कहा था कि अमेठी की जनता पिता राजीव गांधी की बेइज्जती करने पर माफ नहीं करेंगी।

56 इंच के सीने पर वार: मोदी ने मुलायम सिंह यादव पर हमला करते हुए कहा था कि आप कहते हैं कि उत्तर प्रदेश को गुजरात में बदल देंगे। लेकिन क्या आप इसका मतलब समझते हैं। इसका मतलब है कि 24 घंटे बिजली, वो भी 365 दिन लगातार हर गांव, हर गली में। जो आप नहीं कर सकते हैं। उत्तर प्रदेश को गुजरात बनाने के लिए 56 इंच का सीना चाहिए। इस पर प्रियंका ने पलटवार करते हुए कहा था कि इस देश को चलाने के लिए 56 इंच का सीना नहीं चाहिए बल्कि एक बड़ा दिल चाहिए। देश आक्रामक ताकत से नहीं बल्कि नैतिक बल से चलता है। हम अपने देश के लिए अपने कल्चर के लिए जान तक दे सकते हैं।

जब रॉबर्ट वाड्रा का हुआ था जिक्र: 2014 अप्रैल में भाजपा ने प्रियंका के पति रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ एक वीडियो रिलीज किा था जो हरियाणा में उनकी जमीन के मुद्दे से जुड़ा था। इस पर प्रियंका ने पलटवार करते हुए कहा था कि वो चूहों की तरह कर रहे हैं और वो तो इससे ज्यादा के लिए तैयार बैठी थीं। वो किसी से भी नहीं डरने वालीं और इस विनाशकारी राजनीति के खिलाफ बोलेंगी।

जब बेटी का मुद्दा था गरमाया: एक टीवी चैनल पर एडिटिड वीडियो चला दिया गया था जिसमें मोदी कह रहे थे कि प्रियंका उनकी बेटी की तरह है। इस पर प्रियंका ने तुरंत कहा था- मैं सिर्फ राजाीव गांधी की बेटी हूं। हालांकि तुरंत ही इस पर मोदी ने सफाई दी थी कि उन्होंने सिर्फ ये कहा था कि प्रियंका बेटी की तरह हैं।

राहुल को ‘शहजादा’ कहने पर प्रियंका का जवाब: करीबन हर रैली में मोदी, राहुल गांधी को शहजादा कहकर बुलाते थे वहीं खुद को एक ऐसा व्यक्ति बताते थे जो काफी मुश्किलों से लड़कर आगे आए हैं। जिसमें वो अक्सर चायवाले कहकर खुद को संबोधित करते हैं। इस पर प्रियंका ने मोदी पर वार करते हुए कहा कि कभी वो राहुल को नमूना कहते हैं, कभी कभी एक्टर तो कभी शहजादा। अगर आप पीएम बनना चाहते हो तो ऐसे बच्चों जैसा बर्ताव क्यों करते हो।

मोदी का अक्षर ब अक्षर वार: मोदी ने आरएसवीपी यानी राहुल, सोनिया, वाड्रा और प्रियंका पर वार करते हुए कहा था कि कांग्रेस के लिए एबीसीडी का मतलब है ए से आदर्श, बी से बफोर्स, सी से सीडब्लूजी और डी से दामाद का कारोबार। इस पर प्रियंका ने पलटवार करते हुए कहा था आप किसी स्कूल में नहीं पढ़ाते हो, आप देश को संबोधित कर रहे हैं।