भाजपा जल्दी ही उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पहली लिस्ट जारी कर सकती है। इस लिस्ट में उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम भी शामिल हो सकता है। चर्चा है कि योगी आदित्यनाथ को भाजपा अयोध्या से उम्मीदवार बना सकती है ताकि हिंदुत्व के मुद्दे को और मजबूत किया जा सके।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार गुरुवार को भाजपा के केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक हो रही है। इसमें प्रधानमंत्री मोदी समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेता शामिल हैं। कहा जा रहा है कि इस बैठक के बाद भाजपा 170 उम्मीदवारों के नाम की सूची जारी कर सकती है। 

इस सूची में योगी आदित्यनाथ के नाम के भी शामिल होने की चर्चा है और भाजपा ने उन्हें अयोध्या से चुनाव लड़ाने का प्लान किया है। हालांकि अयोध्या में चुनाव अंतिम चरणों में होंगे। लेकिन इसके बावजूद भाजपा पहली ही लिस्ट में योगी आदित्यनाथ का नाम शामिल कर पूरे उत्तरप्रदेश में अपने हिंदुत्व का संदेश देना चाहती है। सूत्रों के अनुसार मकर संक्रांति के दिन भाजपा पहली सूची जारी कर सकती है।

बता दें कि योगी आदित्यनाथ कई मौकों पर कह चुके हैं कि पार्टी जहां से कहेगी वे वहीं से चुनाव लड़ेंगे। तभी से उनके अयोध्या से चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही है। इतना ही नहीं अयोध्या के साधु संत भी अयोध्या से किसी भगवाधारी के ही चुनाव लड़ाने की मांग कर चुके हैं। पिछले दिनों हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास ने कहा था कि इस बार लोगों की मांग है कि अयोध्या से कोई संत ही चुनाव लड़े और पार्टी को संत को ही चुनाव लड़ाना भी चाहिए।

इतना ही नहीं अयोध्या से मौजूदा भाजपा विधायक वेद प्रकाश गुप्ता भी कह चुके हैं कि वे यह सीट मुख्यमंत्री के लिए छोड़ देंगे। योगी आदित्यनाथ अयोध्या को लेकर बेहद ही संवेदनशील हैं। इसलिए मुख्यमंत्री का यहां से चुनाव लड़ना काफी सौभाग्य की बात होगी। गौरतलब है कि साल 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली प्रचंड जीत के बाद गोरखपुर के तत्कालीन भाजपा सांसद योगी आदित्यनाथ को उत्तरप्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया गया था। बाद में उन्हें उत्तरप्रदेश विधान परिषद का सदस्य चुना गया था।