समाजवादी पार्टी ने पहले चरण के उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। इस लिस्ट में मुलायम सिंह यादव, अखिलेश यादव, डिंपल यादव, स्वामी प्रसाद मौर्य समेत कई कद्दावर नेताओं का नाम शामिल है। लेकिन इस सूची में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के अध्यक्ष शिवपाल यादव को जगह नहीं दी गई है। शिवपाल यादव का नाम शामिल नहीं होने के कारण तरह तरह की अटकलें लग रही हैं।

हालांकि शिवपाल यादव अपनी पार्टी के सिंबल पर चुनाव नहीं लड़कर सपा के साइकिल चुनाव चिन्ह पर ही मैदान में उतरेंगे। इसलिए उनका नाम स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शामिल नहीं होने पर तरह तरह की अटकलें लगाई जा रही है। बता दें कि शनिवार को सपा ने ऐलान किया कि इटावा की जसवंत नगर विधानसभा सीट से शिवपाल सिंह यादव सपा एवं प्रसपा गठबंधन के प्रत्याशी होंगे।

बता दें कि स्टार प्रचारकों में शामिल 30 लोगों की सूची पार्टी के महासचिव प्रोफेसर राम गोपाल यादव की तरफ से चुनाव आयोग को भेजी गई। इस सूची में सबसे पहले नाम पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का है। इसके बाद अखिलेश यादव का नाम दूसरे नंबर पर है। वहीं पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरणमय नंदा का नाम तीसरे नंबर पर है। चौथे नंबर पर रामगोपाल यादव और पांचवे पर जया बच्चन का नाम शामिल है। कन्नौज की पूर्व सांसद डिंपल यादव को इस सूची में छठवें स्थान पर जगह दी गई।

इस लिस्ट में प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी, भाजपा छोड़कर सपा में शामिल हुए स्वामी प्रसाद मौर्य, रमेश प्रजापति, राजपाल कश्यप, किरणपाल कश्यप, जगपाल दास गुर्जर को जगह दी गई है। इसके अलावा किसान नेता तेजिंदर सिंह विर्क का भी नाम इस सूची में शामिल है। बता दें कि तेजिंदर सिंह विर्क तराई किसान संगठन के नेता हैं। विर्क लखीमपुर में हुई हिंसा में बाल बाल बच गए थे। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष मिश्र ने गाड़ी चढ़ाकर उन्हें भी कुचलने की कोशिश की थी लेकिन वे जिंदा बच गए थे। बाद में वे दिल्ली के एक अस्पताल में उनका लंबे समय तक इलाज चला था।

हालांकि इस लिस्ट में दारा सिंह और धर्म सिंह सैनी को जगह नहीं दी गई है। दारा सिंह और धर्म सिंह सैनी उत्तरप्रदेश की योगी सरकार में मंत्री थे लेकिन बाद में वे सपा में शामिल हो गए थे।