पीएम मोदी-अमित शाह की जोड़ी जब पश्चिम बंगाल फतह करने निकली तो तृणमूल चीफ ममता बनर्जी ने अपने ही अंदाज से उनका रास्ता रोक दिया। तब वहां ‘खेला होबे’ से भाजपा के जयश्री राम के नारे का जवाब दिया गया। ममता की तर्ज पर समाजवादी पार्टी ने भी भाजपा के खिलाफ ‘खेला होबे’ की तर्ज पर ‘खदेड़ा होबे’ का नारा दिया है। फिलहाल ये गीत चुनावी जिंगल (गीत) बन गया है। भोजपुरी का ये गीत सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। सपा गठबंधन के राजनीतिक कार्यक्रमों में भी यह गीत धड़ल्ले से गाया जा रहा है।
सपा का चुनावी जिंगल तीन मिनट 29 सेकंड का है जिसमें महंगाई, बेरोजगारी तथा अन्य मुद्दों का जिक्र किया गया है। सपा के विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा ने कहा कि खदेड़ा होइबे का नारा समाज के विभिन्न वर्गों और जीवन के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को एकजुट कर रहा है। बंगाल विधानसभा चुनाव का नारा उत्तर प्रदेश में काफी गूंज रहा है। उनका कहना है कि ये भी संयोग है कि ममता बनर्जी उत्तर प्रदेश के चुनाव में समाजवादी पार्टी के लिए समर्थन कर रही हैं।
यूपी से तृणमूल कांग्रेस के नेता व पूर्व विधायक ललितेश पति त्रिपाठी ने कहा कि सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ एकजुट होने के लिए एक नारा चाहिए था और अगर गीत के माध्यम से यह एकजुटता मजबूत होती तो यह अच्छा है। उन्होंने कहा कि बंगाल में अगर इस तरह लड़कर भाजपा को हराना संभव हुआ तो, यहां भी भाजपा को हराना संभव है।
‘खेला होबे’ के गीतकार और ‘खेला चालू है’ के गायक देबांग्शु भट्टाचार्य ने कहा कि दोनों जगहों पर राजनीतिक स्थिति और लड़ाई अलग-अलग तरह की है। बंगाल में सत्ताधारी दल को वापस लाने की मुहिम थी, जबकि उत्तर प्रदेश के लिए गीत सत्तारूढ़ दल को हटाने के बारे में है। भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा के ‘जय श्रीराम’ के नारे का जवाब देने के लिए कुछ प्रभावी लाना था। लेकिन जय श्रीराम के खिलाफ बोलते तो भाजपा को यह कहने का मौका मिल जाता कि इन लोगों को राम नाम से समस्या है। उन्हें ध्रुवीकरण करने में आसानी होती।
भट्टाचार्य ने कहा कि जब भाजपा कार्यकर्ता जय श्रीराम बोलते थे तो तृणमूल कार्यकर्ता ‘खेला होबे’ से जवाब देते थे। जनता ने इसमें अधिक रुचि दिखाई। उन्होंने भरोसा जताया कि ‘खदेड़ा होइबे’ का चुनावी जिंगल भी भाजपा की धार्मिक ध्रुवीकरण की रणनीति का कड़ा जवाब होगा। ‘खेला चालू है’ के गायक देबांग्शु भट्टाचार्य तृणमूल की युवा इकाई के महासचिव भी हैं।