उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए दो चरणों का मतदान हो चुका है। पांच चरणों का मतदान अभी भी बाकी है। इसी बीच प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के नेता और जसवंतनगर से सपा के सिंबल पर चुनाव लड़ रहे शिवपाल यादव ने इटावा की प्रसिद्द दरगाह पर जाकर चादर चढ़ाई और भतीजे अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए दुआएं मांगीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को शिवपाल यादव अपने बेटे आदित्य यादव के साथ इटावा में थे। वे सपा के पक्ष में प्रचार करने पहुंचे थे। प्रचार के दौरान वे इटावा की प्रसिद्ध दरगाह डॉक्टर बन्ने मियां रहमतुल्ला आले की मजार शरीफ पर पहुंचे और चादरपोशी की। साथ ही उन्होंने अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने की दुआएं भी मांगी। शिवपाल यादव ने दरगाह के खादिम डॉ शोएब अहमद चिश्ती से विधानसभा चुनाव में जीत का आशीर्वाद भी लिया।
इटावा शहर से सपा प्रत्याशी सर्वेश शाक्य के समर्थन में प्रचार करने पहुंचे शिवपाल यादव ने दरगाह में चादरपोशी के अलावा जनसभा को भी संबोधित किया। जनसभा को संबोधित करने के दौरान उन्होंने योगी आदित्यनाथ और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। शिवपाल यादव ने योगी आदित्यनाथ के गर्मी निकालने और बुलडोजर वाले बयान को लेकर कहा कि ऐसी भाषा किसी संत की नहीं हो सकती है।
इटावा की जनसभा में शिवपाल यादव का दर्द भी झलका। शिवपाल यादव ने कहा कि हम तीन साल से चुनाव की तैयारी कर रहे थे और 100 सीटों पर अपने उम्मीदवार लड़ाना चाहते थे। हम यह जानते हैं कि अगर हम इतनी बड़ी संख्या में प्रत्याशी लड़ाते तो कभी सपा गठबंधन की सरकार नहीं बन सकती। लेकिन अब हम सबको मिलकर अखिलेश यादव को राज्य का मुख्यमंत्री बनाना है। बता दें कि इटावा में 20 फ़रवरी को वोट डाले जाएंगे।
शिवपाल यादव जसवंतनगर सीट से सपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। जसवंतनगर को मुलायम परिवार का परंपरागत सीट कहा जाता है। 1967 से ही इस सीट पर मुलायम परिवार का कब्ज़ा है। मुलायम सिंह यादव छह बार इस सीट से विधायक रहे। उनके बाद 1996 से शिवपाल यादव इस सीट से विधायक हैं। जसवंतनगर से भारतीय जनता पार्टी ने विवेक शाक्य और बहुजन समाज पार्टी ने वीपी सिंह को उम्मीदवार बनाया है।