गुरुवार को प्रधानमंत्री मोदी ने अमेठी में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान अमेठी की सांसद स्मृति ईरानी भी मौजूद रहीं। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि वे चुनावी जीव हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि मौत हमारे सिर पर मंडरा रही थी तब भी हमने अमेठी की सेवा की।
समाचार चैनल एबीपी न्यूज से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि कोरोना के दौरान हमने एक एक गांव जाकर मास्क और सैनिटाइजर बांटे। ऐसा नहीं है कि हमारे सिर पर मौत नहीं मंडरा रही थी लेकिन हम लोगों ने फिर भी जनता की मदद की। मैंने खुद ही कोरोना काल में बाहर फंसे अमेठी के लोगों से बातचीत की और उन्हें वापस लाने का काम किया। निरंतर कार्य के चलते ही हम लोगों को विश्वास है कि हमारी यहां से जीत होगी।
वहीं स्मृति ईरानी ने प्रियंका गांधी और राहुल गांधी को लेकर कहा कि जो लोग सिर्फ चुनावी जीव हैं, वो निश्चित रूप से ही आएंगे और उनका काम है वोट मांगना। हमारा काम है सेवा करना। साथ ही उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के साथ टक्कर को लेकर कहा कि कांग्रेस की एक भी सीट नहीं आएगी। जीत भाजपा की होगी। उन्होंने यह भी कहा कि अमेठी में खाद की रैक तब उतरी प्रधानमंत्री मोदी की सरकार आई।
गुरुवार को प्रधानमंत्री मोदी ने अमेठी की जनसभा में कांग्रेस और सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि परिवारवादी राजनीति में पार्टी का अध्यक्ष परिवार का होता है, सभी महत्वपूर्ण पदों पर उसी परिवार के लोग बैठे होते हैं। महत्वपूर्ण पदों पर दावेदारी उसी परिवार के सदस्यों की होती है। परिवारवादी राजनीति से भी देश का बहुत नुकसान होता है।
उन्होंने यह भी कहा कि परिवारवादी पार्टियां संविधान का अपमान करती हैं। परिवारवादी पार्टियां हमारी युवा प्रतिभा का नुकसान करती हैं। जबकि भाजपा में आज कोई एक अध्यक्ष होता है, कल कोई और होता है। भाजपा ‘पिता एंड संस’ की प्राइवेट पार्टी नहीं है और न ही कभी हो सकती है।