यूपी विधानसभा चुनाव सात चरणों में संपन्न हो चुके हैं। 7 मार्च की शाम तमाम एग्जिट पोल भी सामने आए जिसमें भाजपा को पूर्ण बहुमत मिलता दिख रहा है। वहीं एग्जिट पोल के सामने आने के बाद से ही सट्टा बाजार में गरमी दिखाई दे रही है। बता दें कि इस बाजार में भाजपा लोगों की पसंद बनी हुई है। ऐसे में सटोरियों के मुताबिक यूपी की सत्ता के सिरमौर पर करीब 300 करोड़ से अधिक का सट्‌टा लग चुका है।

बता दें कि सट्टा बाजार में भाजपा को सटोरियों ने 228 से 232 सीटें दी हैं। यानी कि सट्टा बाजार भी यूपी में भाजपा की वापसी मान रहा है। ऐसे में भाजपा पर सट्टा लगाने पर 10 हजार रुपये के बदले 13 हजार रुपये मिलेंगे। हालांकि सपा पर दांव लगाने वालों को अधिक पैसे मिल रहे हैं। गौरतलब है कि सपा पर दांव लगाने पर 3200 रुपये के बदले 10 हजार रुपये की वापसी होगी। बता दें कि सटोरियों ने सपा को 133 से 136 सीटें दी हैं।

सट्टा बाजार में जहां भाजपा और सपा को लेकर तेजी दिखाई दे रही है तो वहीं सटोरियों ने बसपा को नौ से 10 व कांग्रेस को शून्य से तीन सीट जीतने का अनुमान लगाया है। इतना ही नहीं इन पर दांव लगाने वालों की संख्या भी कम ही है। वहीं पांचवें चरण के चुनाव के बाद सट्टा बाजार में भाजपा को 193 से 197 सीटें और सपा को 81 से 85 सीटें जीतता मानकर सटोरियों ने दांव लगाया था।

मुंबई के सट्टा बाजार का हाल देखें तो यूपी में भाजपा को 210-218 सीटें मिल रही है। वहीं सपा दूसरे नंबर पर है और उसे 122 से 125 सीटें मिली हैं। वहीं बसपा को 55 से 59 सीट मिलने का ट्रेंड है। इसके अलावा दिल्ली के सट्टा बाजार में भी यूपी चुनाव पर काफी दांव लगा है। यहां भाजपा को 219-223, सपा को 125 से 132, बसपा 40 से 45 और कांग्रेस 3 से 5 सीटें पा सकती है।

बता दें कि यूपी में लगभग सभी एग्जिट पोल में भाजपा बहुमत पाती दिख रही है। इंडिया टुडे एक्सिस माय के एग्जिट पोल में भाजपा 288 से 326 सीटें जीतती दिख रही है। वहीं समाजवादी पार्टी को इस पोल में 71 से 101 सीटें मिल रही हैं। इसके अलावा कांग्रेस की झोली में 1 से 3 सीटें ही मिलती दिख रही हैं। बसपा को 3 से 9 और अन्य 2 से 3 सीटें पा सकती हैं।

इसके अलावा टुडेज चाणक्य के एग्जिट पोल की बात करें तो भाजपा इसमें भी सत्ता हासिल करती दिख रही है। बता दें कि इस एग्जिट पोल में सत्ताधारी भाजपा को 294, सपा 105, बसपा 5, कांग्रेस 1 व अन्य एक सीट हासिल करती दिख रही है।