उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस महिलाओं के बलबूते सत्ता में वापसी की कोशिश में जुटी है। इसी अभियान में जुटी कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को बरेली में ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ मैराथन का आयोजन किया। वहीं, मैराथन में भीड़ बढ़ने के कारण अचानक भगदड़ जैसे हालात पैदा हो गए। जानकारी के मुताबिक, इस दौरान कुछ लड़कियों को मामूली चोट भी आई है। इसको लेकर भाजपा ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर निशाना साधा है।

उत्तर प्रदेश भाजपा के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से भगदड़ का वीडियो शेयर कर लिखा गया, ”अपनी ओछी राजनीति के लिए मासूम बच्चियों को मोहरा बनाने वाली कांग्रेस की बेशर्मी की पराकाष्ठा है। झांसी में बच्चियों को पिटवाया, लखनऊ में भूखे घुमाया और बरेली में कुचलवाया! शर्म करो प्रियंका वाड्रा।”

बताया गया कि मैराथन के दौरान भीड़ बढ़ने के कारण भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई, जिसमें कुछ छात्राओं को चोट भी आई है। इस भगदड़ के बाद सड़क पर बच्चियों के जूते-चप्पल बिखरे पड़े नजर आए। इस घटना को लेकर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन ने बेतुका बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जब वैष्णों देवी में भगदड़ मच सकती है, ये तो बच्चियां हैं, ये तो इंसानी फितरत होती है। लेकिन मैं मीडियाकर्मियो से माफी मांगती हूं, ये साजिश भी हो सकती है।

मैराथन में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा होने पर यूपी कांग्रेस के प्रवक्ता अशोक सिंह ने भाजपा को निशाना पर लिया और कहा कि यह बीजेपी सरकार द्वारा रची गई साजिश थी। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन को इस बात की जानकारी थी कि मैराथन का आयोजन हो रहा है लेकिन उन्होंने सहयोग नहीं किया।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, भगदड़ में घायल छात्राओं को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। मौके पर शहर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई है। मैराथन के दौरान भगदड़ कैसे हुई? इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। इसका एक वीडियो सामने आया है जिसमें मैराथन में आगे दौड़ रही छात्राएं गिर पड़ती हैं और उसके बाद अचानक भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो जाती है। वहीं, इसको लेकर अब भाजपा-कांग्रेस में जुबानी जंग तेज हो गई है।