उत्तर प्रदेश चुनाव के पहले चरण के मतदान से ठीक पहले बागपत जिले की छपरौली सीट से भाजपा के विधायक सहेंद्र सिंह के रोड शो के दौरान कुछ लोगों ने उन पर गोबर फेंक दी और उनकी स्कार्पियो गाड़ी पर हमला किया। इस मुद्दे पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह से जब एबीपी न्यूज चैनल पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह उनका विरोध नहीं है, बल्कि सपा ने गुंडों को भेजकर उन पर हमला कराया है। कहा कि गोबर फेंकने वाले सपा के लोग थे और उन्हें हमला करने के लिए भेजा गया था।
चैनल पर एंकर सुमित अवस्थी से बात करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जनता में कोई विरोध नहीं है। सब जगह समर्थन मिल रहा है। कहा कि समाजवादी पार्टी कोई पार्टी नहीं है। बल्कि वह दलों का दलदल है। कहा कि वंशवाद और परिवारवाद की पार्टी है। 2017 के पहले गुंडों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती थी। घटना होने पर कहीं रिपोर्ट नहीं दर्ज की जाती थी, लेकिन अब घटना होने पर तत्काल रिपोर्ट लिखी जाती है। तुरंत एक्शन लिया जाता है।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा को किसी भी पार्टी से चुनौती नहीं मिल रही है। सपा को उन्होंने दल मानने से ही इंकार करते हुए कहा कि वह दल नहीं दलदल है। उससे भाजपा का कोई मुकाबला नहीं है। कहा कि जहां वंशवाद और परिवारवाद होता है, वहीं भ्रष्टाचार होता है।
कहा कि “2017 के पहले 15 सालों तक क्या हुआ पार्टी में चाचा- भतीजे ट्रांसफर उद्योग और नियुक्तियां चलाते थे। ठेकेदारी पट्टा बांटते थे। अराजकता का माहौल था। पांच साल दंगा चलता रहा। सपा शासन में गुंडों को संरक्षण दिया जाता था। रिपोर्ट दर्ज नहीं होती थी। घर के सामने से गाड़ियां उठा ली जाती थी। ट्रैक्टर गायब कर दिया जाता था और मेरठ में कट जाता था।”
पूरी पार्टी परिवारवार और वंशवाद के रूप में है। कोई कार्यकर्ता पार्टी का अध्यक्ष नहीं बन सकता है। यह आपने देखा होगा। कहा कि भाजपा शासन में कानून अपना काम करता है। हमारा कोई हस्तक्षेप नहीं होता है। न तो संगठन में न ही पार्टी में कहीं हस्तक्षेप है। सब जगह स्वतंत्र होकर अपराधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होती है।