उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव प्रचार जारी है और सभी राजनीतिक दल पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उत्तर प्रदेश में चुनावी सभाएं कर रहे हैं और पूर्व की बसपा और सपा सरकारों पर जमकर निशाना साध रहे हैं। आज उत्तर प्रदेश के अतरौली और बदायूं में अमित शाह ने चुनावी सभा को सम्बोधित किया।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अतरौली में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मां लक्ष्मी कमल पर बैठकर पिछले 2 सालों से हर घर में आ रही हैं। ऐसा सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कारण संभव हो पा रहा है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आगे कहा कि, “नरेंद्र मोदी जी ने देश को सुरक्षित करने का काम किया है। 10 साल तक सोनिया-मनमोहन की सरकार थी और सपा-बसपा ने समर्थन दिया था। पाकिस्तान से आते थे ,घुसते थे और सर काट कर ले जाते थे। दिल्ली में प्रधानमंत्री के माथे पर जूं नहीं रेंगती थी। फिर भाजपा और नरेंद्र मोदी जी की सरकार आई और पाक प्रेरित आतंकवादियों को मालूम नहीं था कि सरकार बदल गई है। उन्होंने उरी और पुलवामा में हमला किया, हमारे जवानों को मौत के घाट उतार दिया। लेकिन इस बार कांग्रेस की सरकार नहीं थी और ना ही मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे। भारतीय जनता पार्टी के कमल के फूल की सरकार थी और नरेंद्र मोदी जी प्रधानमंत्री थे। 10 दिन के अंदर पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक कर आतंकवादियों का सफाया करने का कार्य भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किया।”

वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिमी यूपी में एक सभा के दौरान राहुल गांधी, अखिलेश यादव और जयंत चौधरी पर तीखा हमला बोला। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो दो लड़कों की जोड़ी आई है , यह 2014 और 2017 में भी बनी थी। लेकिन 2017 के चुनाव में प्रदेश की जनता ने उन्हें नकार दिया। मुजफ्फरनगर के दंगों में सचिन और गौरव नाम के जाट लड़कों की हत्या हुई। उस समय प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री ने दंगाइयों को बुलाकर सम्मानित किया। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और व्यापारियों पर झूठे मुकदमे लाद कर उन्हें जेल में डाला गया।

बता दें कि उत्तर प्रदेश में 7 चरणों में चुनाव होगा और 10 फरवरी को पहले चरण के लिए वोट डाले जाएंगे। उत्तर प्रदेश में चुनाव की शुरुआत पश्चिमी उत्तर प्रदेश से हो रही है और 10 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 58 सीटों पर वोट डाले जाएंगे, नतीजे 10 मार्च को आएंगे।