उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के मद्देनजर प्रचार अभियान जोरों पर है। खासकर, पहले चरण में होने वाले मतदान से पहले सभी प्रमुख राजनीतिक पश्चिमी यूपी की सीटों पर अपने प्रचार अभियान को गति दे रहे हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) गुरुवार को बुलंदशहर में अपने समर्थकों संग प्रचार कर रही थीं, वहीं पर उनकी मुलाकात समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) और रालोद प्रमुख जयंत चौधरी (Jayant Chaudhary) से हो गई।

अखिलेश यादव और जयंत चौधरी हाल के दिनों में साथ-साथ चुनाव प्रचार करते दिखाई दिए हैं। दोनों दलों ने उत्तर प्रदेश में हो रहे विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन किया है। गुरुवार को दोनों नेता भी बुलंदशहर के उसी इलाके में प्रचार करने पहुंचे थे। जैसे ही प्रियंका गांधी का काफिला उनके सामने आया, दोनों तरफ के नेता रूक गए और हाथ हिलाकर एक-दूसरे का अभिवादन किया।

इस मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने ट्वीट किया, “एक दुआ-सलाम ~ तहज़ीब के नाम।” वहीं, प्रियंका गांधी ने भी एक वीडियो ट्वीट किया, जिसके साथ उन्होंने लिखा, “हमारी भी आपको राम राम।” इस वीडियो में प्रियंका गांधी अखिलेश यादव और जयंत चौधरी का हाथ हिलाकर अभिवादन करते नजर आ रही हैं।

सोशल मीडिया पर शेयर हो रहा वीडियो: दोनों खेमों के नेताओं के बीच इस मुलाकात को लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चाएं हो रही हैं। यूजर्स अखिलेश-जयंत और प्रियंका गांधी की इस मुलाकात का वीडियो जमकर शेयर कर रहे हैं। दरअसल, पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 58 सीटों पर पहले चरण में 10 फरवरी को मतदान होना है, जिसको लेकर तमाम दल अपनी पूरी ताकत इस इलाके में झोंक रहे हैं।

यूपी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन की चर्चाएं थीं। लेकिन दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर बात नहीं बन पाई थी। बता दें कि 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने मिलकर चुनाव लड़ने का फैसला किया था। तब राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने एक साथ रोड शो भी किया था। हालांकि, उस चुनाव में इनके गठबंधन पर भाजपा भारी पड़ी थी।