रविवार को भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 45 उम्मीदवारों की नई सूची जारी की। बीजेपी की नई लिस्ट में 7 महिला उम्मीदवारों का भी नाम शामिल है। वहीं बलिया के बैरिया से विधायक सुरेंद्र सिंह का टिकट काट दिया गया है। उनकी जगह मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला को उम्मीदवार बनाया गया है। योगी सरकार में मंत्री स्वाति सिंह का भी टिकट काटकर उनके पति को उम्मीदवार बनाया गया है। जबकि अमेठी से पार्टी ने गरिमा सिंह का टिकट काटकर संजय सिंह को प्रत्याशी बनाया है।

पत्नियों की जगह पति मैदान में: बीजेपी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पत्नियों की जगह पतियों पर अधिक भरोसा जताया है। बीजेपी ने योगी सरकार में मंत्री स्वाति सिंह का टिकट काटकर उनके पति दयाशंकर सिंह को उम्मीदवार बनाया है। दयाशंकर सिंह को बलिया सदर से पार्टी ने प्रत्याशी घोषित किया है।

बता दें कि स्वाति सिंह लखनऊ की सरोजनी नगर विधानसभा सीट से विधायक हैं। लेकिन पार्टी ने सरोजनी नगर से राजेश्वर सिंह को उम्मीदवार बना दिया और स्वाति सिंह के पति और बीजेपी यूपी उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह को बलिया सदर से उम्मीदवार घोषित कर दिया। टिकट के लिए पति-पत्नी दोनों दावेदारी ठोंक रहे थे।

अमेठी से संजय सिंह उम्मीदवार: बीजेपी ने अमेठी से गरिमा सिंह का टिकट काटकर उनके पति संजय सिंह को उम्मीदवार बनाया है। बता दें की अमेठी से गरिमा सिंह और संजय सिंह दोनों बीजेपी से टिकट के लिए दावेदारी ठोक रहे थे और पार्टी ने संजय सिंह पर भरोसा जताया है। 2017 के विधानसभा चुनाव में अमेठी से बीजेपी ने गरिमा सिंह को मैदान में उतारा था। वहीं संजय सिंह की दूसरी पत्नी अमिता सिंह कांग्रेस के टिकट पर मैदान में थी। हालांकि गरिमा सिंह ने जीत प्राप्त की थी और अमिता सिंह चौथे नंबर पर थीं। बता दें कि संजय सिंह की दो शादी हुई है। पहली पत्नी उनकी गरिमा सिंह है जबकि दूसरी पत्नी अमिता सिंह है। दोनों पत्नियों ने तकरार के चलते 2017 का विधानसभा चुनाव एक दूसरे के खिलाफ लड़ा था।

अलीगढ़ से मुक्ता राजा उम्मीदवार: वहीं बीजेपी ने 19 जनवरी को एक उम्मीदवार की तीसरी लिस्ट जारी की थी, जिसमें पार्टी ने अलीगढ़ विधानसभा क्षेत्र से मुक्ता राजा को उम्मीदवार घोषित किया था। मुक्ता राजा अलीगढ़ विधानसभा सीट से विधायक संजीव राजा की पत्नी है। बता दें कि अलीगढ़ से भाजपा विधायक संजीव राजा 22 साल पुराने एक मामले में 2 साल की सजा काट रहे हैं और जेल में बंद है। इसलिए पार्टी ने विधायक संजीव राजा की पत्नी मुक्ता राजा को उम्मीदवार घोषित किया है।