भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रत्याशियों के पहली सूची जारी कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर शहर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। मथुरा सीट से भाजपा ने वर्तमान सरकार में ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा को टिकट दिया है। वहीं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य प्रयागराज की सिराथु सीट से मैदान में उतरेंगे। भाजपा ने अभी पहले और दूसरे चरण में जिन विधानसभा सीटों पर चुनाव उनपर उम्मीदवारों का ऐलान किया गया है।
सूची जारी करते हुए धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, 107 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया है। 63 मौजूदा विधायकों को दोबारा टिकट दिया गया है। 21 नए प्रत्याशी उतारे गए हैं जिसमें युवा, महिला और समाज में अच्चा काम करने वाले लोगों को शामिल किया गया है।
गौतमबुद्ध नगर में तीनों पूर्व विधायकों को टिकट
भाजपा के फायर ब्रैंड नेता संगीत सोम सरधना सीट से चुनाव लड़ेंगे। वहीं बात करें गौतमबुद्ध नगर की तो यहां से तीनों मौजूदा विधायकों को टिकट दिया गया है। नोएडा से पंकज सिंह को फिर से मैदान में उतारा गया है। दादरी से तेजपाल सिंह नागर और जेवर से धीरेंद्र सिंह फिर से चुनाव लड़ेंगे। गाजियाबाद की लोनी सीट से नंदकिशोर गुर्जर, साहिबाबाद से सुनील शर्मा को फिर से मौका दिया गया है।
अखिलेश यादव ने योगी पर साधा निशाना
भाजपा की सूची के ऐलान ठीक बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, पहले कोई कहता था कि योगी अयोध्या से चुनाव लड़ेंगे. प्रयागराज से चुनाव लड़ेंगे, मथुरा से चुनाव लड़ेंगे लेकिन भाजपा ने उन्हें अपने घर वापस भेज दिया है। उन्होंने कहा कि इस बार चुनाव में भाजपा साफ हो जाएगी।
बता दें कि उत्तर प्रदेश में सात चरणों में विधानसभा चुनाव होने हैं। पहले चरण का चुनाव 10 फरवरी और दूसरे चरण का 14 फरवरी को होगा। सातवें और अंतिम चरण का मतदान सात मार्च को कराया जाएगा। इसके बाद 10 मार्च को परिणाम घोषित किए जाएंगे।