यूपी चुनाव को लेकर प्रचार अभियान के अंतर्गत पश्चिमी यूपी पहुंची केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा शासन में राम भक्तों पर गोलियां चली थी। मैं उस हर रामभक्त के लिए वोट मांगने आई हूं, जिसकी मौत सपा सरकार में हुई थी। बता दें कि स्मृति ईरानी रविवार को पश्चिमी यूपी के बागपत की छपरौली में एक जनसभा करने पहुंची थीं।

सपा पर जोरदार हमला: केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सपा नेताओं से निर्दोष रामभक्तों पर गोली चलवाने के लिए सवाल किया गया तो उन्होंने जवाब में कहा कि अगर मारना होता तो और मारते। स्मृति ईरानी ने कहा कि मैं यहां सहेंद्र सिंह के लिए वोट मांगने नहीं आई हूं, बल्कि हर उस रामभक्त के लिए वोट मांगने आई हूं, जिनकी मौत सपा सरकार में हुई थी।

सपा शासन के कानून व्यवस्था पर सवाल: केंद्रीय ने कहा कि सपा सरकार ने रामभक्तों को मौत के घाट उतारने का दुस्साहस किया। उन्होंने कहा कि अगर आरएलडी को वोट पड़ा और समर्थन मिला तो यूपी में लाल टोपी वालों की सरकार होगी। इसके अलावा स्मृति ईरानी ने सपा शासन में कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किये। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर दंगों के दौरान प्रदेश में खामोशी छाई थी।

उनके शासन में बेटियां सिर झुकाकर घर की दहलीज लांघती थी। उस दौरान हर पिता बेटियों की सुरक्षा को लेकर आवाज नहीं उठा पाता था। सपा के अलावा स्मृति ईरानी ने आरएलडी पर भी निशाना साधा।

उन्होंने जयंत चौधरी पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि किसी ने यकीन नहीं था कि आरएलडी और सपा साथ आ जाएंगे। पश्चिमी यूपी में जिन लोगों ने अराजकता फैलाई आरएलडी उन्हीं के खेमें में खड़ी हुई है।

बता दें कि उत्तर प्रदेश में सात चरणों में विधानसभा होंगे। जिसमें 10 फरवरी, दूसरा चरण 14 फरवरी, तीसरा 20 फरवरी, चौथा 23 फरवरी, पांचवां 27 फरवरी, छठां 3 मार्च और सातवां 7 मार्च को मतदान किये जाएंगे। वहीं चुनाव नतीजे 10 मार्च को आएंगे।