उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों का दौर चल रहा है। सात चरणों में से 3 चरणों का मतदान खत्म हो चुका है। ऐसे में कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी पार्टी के लिए खूब मेहनत करती नजर आ रही हैं। इस बीच एक चैनल के रिपोर्टर ने प्रियंका गांधी से सवाल किया कि दीदी, कांग्रेस की कितनी बयार बह रही है? इस पर प्रियंका गांधी ने कहा कि जनता चाह रही है कि प्रदेश में नई तरह की राजनीति आए।

बता दें कि रिपोर्टर ने पूछा कि कांग्रेस की कितनी बयार बह रही है, लगातार आप मेहनत कर रही हैं? इसपर प्रियंका गांधी ने सवाल दोहराने के लहजे में खुद रिपोर्ट से पूछा कि कितनी? यूपी की जनता परिवर्तन चाहती है क्योंकि वो त्रस्त है। जनता नई तरह की राजनीति चाहती है।

बता दें कि 21 फरवरी को प्रियंका गांधी ने लखनऊ की बक्शी का तालाब (169) विधानसभा के चिनहट क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी लल्लन कुमार के समर्थन में रोड शो किया। प्रियंका गांधी ने कहा कि मैं लगातार मुद्दों की बात कर रही हूं। जबतक लोगों की समस्याएं हल नहीं होती तबतक उन्हें राहत नहीं मिलेगी। आवारा पशुओं की समस्या अधिक है।

उन्होंने कहा कि चुनाव आते ही भाजपा ने बड़े-बड़े उद्घाटन कर दिए। विज्ञापन लगने लगे हैं। उन्होंने कहा कि 30 सालों बाद कांग्रेस 400 सीटों पर लड़ रही है। जिसका फैसला जनता करेगी।

प्रियंका गांधी ने एक चुनावी सभा में कहा कि नेताओं का असली धर्म प्रजा की रक्षा, और समाज की सेवा करना है। हिंदू, मुस्लिम, सिख सभी के ग्रंथों में असली सेवा बताई गई है। लेकिन आज के दौर में धर्म का इस्तेमाल चुनाव में राजनीति के लिए हो रहा है।

बता दें कि सोमवार को कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा, “आपने 5 साल ऐसी सरकार देखी जिसने अलगाव पैदा करने के अलावा कोई काम नहीं किया। 12 लाख से ज़्यादा सरकारी नौकरी पद खाली हैं लेकिन सरकार उन पदों को नहीं भर रही है। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस सिलेंडर के दाम इतने बढ़ गए हैं की घर चलाना मुश्किल हो गया है।”

सोनिया गांधी ने कहा कि हमने महिलाओं के लिए शक्ति विधान, युवाओं के लिए भर्ती विधान और उत्तर प्रदेश के विकास के लिए उन्नति विधान तैयार किया है। प्रियंका गांधी ने 40% टिकट महिलाओं को दी हैं। उत्तर प्रदेश के हक की लड़ाई लड़ते हुए हमारे 18,000 कार्यकर्ता जेल भेजे गए।