अभिनव राजपूत

यूपी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर रविवार को गाजियाबाद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव पर मुस्लिम तुष्टिकरण का आरोप लगाया। इसके अलावा उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में माफिया राज खत्म है। वहीं अखिलेश यादव द्वारा 300 यूनिट बिजली फ्री देने के वादे पर सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले लोगों को बिजली ही नहीं मिलती थी। लोग अंधेरे में जी रहे थे।

हमने कैलाश मानसरोवर भवन बनवाया: सीएम योगी ने कहा कि इससे पहले की सरकार ने गाजियाबाद में हज हाउस का निर्माण कराया गया थ। हमारी सरकार ने यहां कैलाश मानसरोवर भवन बनवाया है। उन्होंने कहा कि आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन रहा है, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का काम पूरा हो गया है। बता दें कि कांवड़ तीर्थयात्रियों और वार्षिक कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए ठहरने के लिए इंदिरापुरम में कैलाश मानसरोवर भवन का निर्माण हुआ है।

उन्होंने कहा, “जब 2012 में समाजवादी पार्टी को सत्ता मिली, तो उन्होंने सबसे पहले राम जन्मभूमि पर हमला करने वाले आतंकवादियों के मामलों को वापस लिया। पूर्व सरकार में माफिया को संरक्षण और उत्तर प्रदेश में दंगों का एक सिलसिला शुरू हो गया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह सब भाजपा के सत्ता में आने से रुका।

उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में किसी माफिया में हिम्मत नहीं है कि वो व्यापारियों को प्रताड़ित कर सके। डॉक्टर या गरीब व्यक्ति की संपत्ति हड़पने का साहस कोई नहीं कर सकता। ऐसा करने वालों पर बुलडोजर चलेगा।

कोरोना में राजनीतिक पार्टिया गायब थीं: सीएम योगी ने अखिलेश यादव पर हमला करते हुए कहा कि कोरोना महामारी के समय में कांग्रेस, सपा और बसपा मैदान से गायब थे। और केवल केंद्र और राज्य सरकारों के भाजपा कार्यकर्ता ही एक-एक व्यक्ति की जान बचाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। उन्होंने कहा, “लोग ऐसी पार्टी कैसे चुन सकते हैं जो कोविड महामारी जैसे मुश्किल समय में उनके साथ नहीं थी।”

बता दें कि गाजियाबाद जिले में पांच विधानसभा हैं। जिसमें लोनी, मुरादनगर, साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर शामिल है। इन सीटों में पहले चरण के अंतर्गत 10 फरवरी को मतदान होगा। जिले में 2,899,484 पात्र मतदाता हैं, जिनमें से 1,605,081 पुरुष मतदाता, 1,294,214 महिला मतदाता हैं।