अगले साल की शुरुआत में ही उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव होने को हैं। सभी राजनीतिक पार्टियां काफी पहले से ही इसकी तैयारी में जुटी हुई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी यूपी में चुनाव से पहले सक्रिय हो चुके हैं। अमित शाह आगामी 10 दिनों में उत्तरप्रदेश में 21 रैली करने वाले हैं। 21 रैलियों के सहारे वे उत्तरप्रदेश की करीब 140 विधानसभा क्षेत्र को कवर करेंगे।
अमित शाह का दौरा शुक्रवार से प्रयागराज से शुरू होने वाला था। वे प्रयागराज में जन विश्वास यात्रा को संबोधित करने वाले थे लेकिन उनका आज का दौरा रद्द हो गया। अमित शाह की जगह केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय अब इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रयागराज दौरा रद्द होने के बाद वे अयोध्या, गोरखपुर समेत कई जिलों में जनसभा को संबोधित करेंगे। साथ ही वे अयोध्या में रामलला के दर्शन करने भी जाएंगे।
अयोध्या में अमित शाह रोड शो भी करेंगे। इसके अलावा वे बरेली और गोरखपुर में भी रोड शो करेंगे। अमित शाह का उत्तरप्रदेश दौरा 4 जनवरी तक चलेगा। इस दौरान वे करीब 7 बार उत्तरप्रदेश आएंगे। अपने उत्तरप्रदेश दौरे पर वे 21 जनसभाओं और तीन रोड शो के जरिए 140 विधानसभा क्षेत्र को कवर करेंगे। प्रत्येक जनसभा में करीब सात विधानसभा क्षेत्रों के भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल होंगे।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सात विधानसभा क्षेत्र में तीन ओबीसी विधानसभा क्षेत्र, दो शहरी क्षेत्र, एक अनुसूचित जाति या जनजाति विधानसभा क्षेत्र और एक मुस्लिम बहुल विधानसभा क्षेत्र होगा। भाजपा पहले से ही राज्य में जन विश्वास यात्राएं निकाल रही है जिसमें केंद्रीय मंत्री, सीएम योगी आदित्यनाथ और उनकी कैबिनेट के कई मंत्री हर दिन अलग अलग जिलों में जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं।
यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव के पहले सामने आए सर्वे में भाजपा को प्रमुख विपक्षी दल समाजवादी पार्टी से कड़ी टक्कर मिलती दिखाई दे रही है। एबीपी न्यूज- सीवोटर के 18 दिसंबर के सर्वे के मुताबिक उत्तर प्रदेश में भाजपा को 40 फीसदी वोट मिलने का अनुमान जताया जा रहा है। जबकि अखिलेश यादव की पार्टी सपा को 34 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है। वहीं बसपा को 13 फीसदी व कांग्रेस को 7 फीसदी वोट मिलने के आसार हैं।