समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी पर बड़ा हमला बोलते हुए बलिया में किसानों और नौजवानों से सवाल पूछा। उन्होंने पूछा कि किसकी आमदनी दूनी हुई और किसको रोजगार मिला। कहा कि भाजपा के लोगों ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी हो जाएगी, यहां पर हमें बुजुर्ग दिखाई दे रहे हैं, किसान दिखाई दे रहे हैं, किसी किसान की आय दोगुनी हुई हो तो आप बता दो। यहां बैठे नौजवान बताएं कि क्या उनको रोजगार मिल गया। सपा अध्यक्ष ने कहा कि पांच साल से योगी सरकार है। आप बताएं कि आपसे जो वादा किया गया था वह पूरा हुआ।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बलिया जिले के बांसडीह और फेफना में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यहां के लोग जानते हैं कि भाजपा वालों ने उन्हें कितनी बार छला है। कहा कि इतना ‘छला’ है कि ‘‘यह चुनाव छलिया बनाम बलिया दिखाई दे रहा है।” कहा कि यह चुनाव लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के लोगों ने कहा था कि उनकी सरकार आ जाएगी तो किसानों की आमदनी दोगुनी हो जाएगी, किसान बताएं कि क्या किसी की आमदनी दोगुनी हुई है? क्या किसानों को खाद मिली?, क्या समर्थन मूल्य पर उनकी फसल खरीदी गई? अखिलेश ने आरोप लगाते हुए कहा, “अब तो भाजपा के सहयोगी भी जान गए हैं कि भाजपा के लोग झूठ बोलते हैं। भाजपा के छोटे नेता छोटा झूठ बोल रहे हैं, जो बड़े नेता हैं वे बड़ा झूठ बोल रहे हैं और जो सबसे बड़े नेता हैं वह सबसे बड़ा झूठ बोल रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि बलिया के लोगों ने हमेशा राजनीति को नई दिशा दिखाई है, यह चुनाव कोई छोटा-मोटा चुनाव नहीं है। यह भारत के संविधान और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। सपा प्रमुख ने कहा कि बलिया वालों ने हमेशा क्रांतिकारी रास्ता चुना है, मुझे खुशी है कि ‘समाजवादियों’ के साथ ‘अंबेडकरवादी’ मिलकर इस देश का संविधान और लोकतंत्र बचाने में लगे हैं।

अखिलेश ने सपा और गठबंधन के सभी प्रत्याशियों को ऐतिहासिक मतों से जीत दिलाने की अपील की। उन्होंने कहा, “मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि जो विकास की गति समाजवादी सरकार में थी उसे और तेज किया जाएगा, क्योंकि जब विकास होगा तो हमारा किसान खुशहाल होगा हमारे नौजवानों को नौकरी और रोजगार मिलेगा।’’