तीन कृषि कानूनों को लेकर साल भर तक आंदोलन चलाकर किसानों के नेता के तौर पर प्रमुखता से उभरे राकेश टिकैत ने कहा है कि “उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में लोग मौजूदा भाजपा की सरकार को वोट नहीं देंगे, लेकिन भाजपा के पास कई फार्मुले हैं, और जीतेगी यही, यानी सरकार भाजपा की ही बनेगी। उनका कहना है कि यह हर फन में माहिर हैं। उन्होंने कहा कि कोई देखने वाला नहीं है।”

भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने कहा कि सभी दलों को अपनी निगाह तेज रखनी चाहिए। ऐसा कोई कर नहीं रहा है। इसलिए ये बढ़ रहे हैं। जनता को चाहिए अपने किसान संगठन को मजबूत रखें। किसान संगठन मजबूत रहेगा तो देश की सरकारें ठीक से काम करेंगी। सरकार किसी भी दल की आए, मनमानी नहीं कर पाएगी।

न्यूज-24 से बात करते हुए टिकैत ने बताया कि “तीन कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन के द्वारा खेत तैयार कर दिया गया है, हर किसी को चाहिए कि वह फसल काटे, जो जितनी मेहनत करेगा, वह उतनी ही फसल पाएगा। हर पोलिटिकल पार्टी को इस बात काे समझना चाहिए।” उनका इशारा साफ है कि नई सरकार बनाने में किंगमेकर वह रहेंगे।

उन्होंने कहा कि पंजाब के किसान संगठन चार महीने की छुट्टी पर गए, संयुक्त किसान मोर्चा चुनाव नहीं लड़ रहा है। जो जत्थे चुनाव लड़ने गए हैं, वे किसान मोर्चा के साथ नहीं हैं। वे जब आएंगे तो उनसे पूछताछ की जाएगी। कहा कि तीन कानूनों को खत्म करने के लिए संयुक्त किसान मोर्चा ने आंदोलन चलाया। यह साफ है कि अब तीन कानून नहीं आएगा। कोई भी सरकार आए अब तीन कानून के आसपास नहीं जाएगा।

उन्होंने कहा कि अब योगी आदित्यनाथ प्रधानमंत्री बनेंगे और नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति बनेंगे। सीएम कोई और बनेगा। योगी को प्रधानमंत्री बनना चाहिए। कहा कि मेरे पास काफी लोग टिकट दिलवाने की मांग कर रहे हैं। कहा कि “हम किसी को शुभकामना नहीं देते हैं, हम सिर्फ जन्मदिन की शुभकामना देते हैं, चुनाव में जीत की नहीं।”

उन्होंने साफ किया कि 15 जनवरी को संयुक्त किसान मोर्चे की बैठक होगी। इसमें आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा। कहा कि 26 जनवरी को सभी किसान अपने-अपने गांव और आसपास के क्षेत्र में राष्ट्रीय ध्वज लगाकर ट्रैक्टर चलाएंगे, लेकिन कोई भी दिल्ली नहीं आएगा।