India TV Ground Zero Opinion Poll: यूपी चुनाव को लेकर इंडिया टीवी के फाइनल ओपिनियन पोल में बीजेपी बहुमत से सरकार बनाती दिख रही है। वहीं समाजवादी पार्टी की सीटें पिछली बार से बढ़ रही है, लेकिन वो सत्ता से दूर ही है। वहीं बसपा को 2017 के मुकाबले भारी नुकसान हो रहा है और वो पांच से नौ सीटों पर सिमटती दिख रही है। वहीं कांग्रेस को 3-7 सीटें मिल रही हैं।
इंडिया टीवी के सर्वे के अनुसार सीएम पद के लिए योगी आदित्यनाथ शीर्ष पर हैं, उसके बाद अखिलेश यादव, मायावती और प्रियंका गांधी का नंबर है। वहीं बीजेपी पिछली बार से कम सीटें जीत सकती है, लेकिन वो बहुमत का आंकड़ा पार कर लेगी। भाजपा को लगभग 241-245 सीटें मिल सकती हैं। समाजवादी पार्टी को 144-148 सीटें आ सकती हैं, वहीं बसपा को 5-9 सीटें, कांग्रेस को 3-7 सीटें, अन्य को 1-3 सीटें मिल सकती हैं।
पूर्वांचल का हाल- पूर्वांचल में बीजेपी आगे रह सकती है। यहां बीजेपी को 70-74 सीटें मिल सकती हैं। समाजवादी पार्टी को 43-47 सीटें मिल सकती हैं, बसपा 2-4 सीटें जीत सकती है जबकि कांग्रेस और अन्य को क्रमश: 1-3 सीटें मिल सकती हैं। इस रीजन में कुल 124 सीटें हैं। वोट शेयरिंग की बात करें तो बीजेपी को करीब 42 फीसदी वोट मिल सकते हैं, सपा को 38 फीसदी, बसपा को 14 फीसदी, जबकि कांग्रेस और अन्य को क्रमश: करीब 4 फीसदी और 2 फीसदी वोट मिल सकते हैं।
अवध में किसका पलड़ा भारी- अवध क्षेत्र में सीट की बात करें तो बीजेपी को करीब 68-72 सीटें मिल सकती हैं। सपा 34-38 सीटों के बीच जीत हासिल कर सकती है। वहीं बसपा 1-3 सीटें जीत सकती है। कांग्रेस के हिस्से 2-4 सीटें आ सकती हैं। अवध क्षेत्र में भी बीजेपी ही बड़ी पार्टी दिख रही है। इसे लगभग 43 प्रतिशत वोट शेयर मिल सकता है, सपा को लगभग 36 प्रतिशत, बसपा को 13 प्रतिशत, जबकि कांग्रेस और अन्य को लगभग 5 प्रतिशत और 3 प्रतिशत वोट शेयर मिल सकता है।
पश्चिमी यूपी का हाल- सर्वे की मानें तो पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी बीजेपी शीर्ष पर रह सकती है। इस क्षेत्र में 97 विधानसभा सीटें हैं। बीजेपी को 60-64 सीटों के साथ लगभग 41 प्रतिशत वोट शेयर मिल सकता है। वहीं एसपी को 33-37 सीटों के साथ 38 प्रतिशत वोट शेयर मिल सकता है। बसपा को 1-3 सीटों के साथ 16 प्रतिशत वोट मिल सकता है, जबकि कांग्रेस को लगभग 2 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं।
बुंदेलखंड का हाल- यहां बीजेपी 16-18 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभर सकती है। सपा को 1-3 सीटें मिल सकती हैं, बसपा 0-1 सीटें मिल सकती हैं, जबकि कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिल सकती है। बुंदेलखंड क्षेत्र में कुल 19 सीटें हैं।
रोहिलखंड में सपा को बढ़त- ओपिनियन पोल के मुताबिक इस रीजन में अखिलेश, बीजेपी पर भारी पड़ सकते हैं। बीजेपी को जहां 22-26 सीटें मिल सकती हैं वहीं एसपी को 26-30 सीटें मिल सकती हैं। जबकि कांग्रेस और बसपा यहां खाता खोलने में भी असमर्थ रह सकती है। इस क्षेत्र में कुल 52 सीटें हैं।
