उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गर्मी बढ़ती जा रही है। इस बीच कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती की तारीफ कर कांग्रेस और बसपा के बीच गठबंधन को लेकर कयासों का बाजार गर्म कर दिया है। दरअसल एक निजी न्यूज चैनल से बात करते हुए प्रियंका गांधी ने बताया कि मायावती की मां का जब देहांत हुआ था तो उन्होंने बसपा सुप्रीमो से मुलाकात की थी।

इसके अलावा उन्होंने बताया कि मायावती से उनकी 3-4 बार फोन पर बात हो चुकी है। प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस में यूपी में चुनाव बाद गठबंधन के रास्ते भी खुले हुए हैं। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि मुमकिन है कि चुनाव बाद कांग्रेस और बसपा एक साथ देखे जा सकते हैं। हालांकि इसकी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं आई है।

ब्राह्मण वोटों पर क्या बोली प्रियंका: यूपी में ब्राह्मण वोटों की राजनीति को लेकर प्रियंका गांधी ने कहा कि चुनाव में इस तरह-तरह के सम्मेलन होते हैं। लेकिन यूपी में बीते 5 सालों में ब्राह्मणों की सुरक्षा के लिए प्रदेश सरकार द्वारा क्या किया गया है। उन्होंने कांग्रेस के बड़े नेता माने जाने वाले जितिन प्रसाद के भाजपा शामिल होने पर कहा कि मैंने किसी को नहीं रोका।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस जो संघर्ष कर रही है, वो बुजदिलों का संघर्ष नहीं है। किसी लड़ाई को आधे मन से नहीं जीता जा सकता है। मैंने किसी को रोकने की कोई कोशिश नहीं की।

महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत सीट रिज़र्व हो: बता दें कि यूपी में कांग्रेस प्रियंका गांधी के नेतृत्व में चुनावी मैदान में हैं। ऐसे में उनका पूरा जोर है कि चुनाव में चालीस फीसदी महिलाओं को टिकट दिये जाएं। इसके अलावा उन्होंने कहा कि मेरी कोशिश रहेगी कि आने वाले समय में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत सीट रिज़र्व हो। उन्होंने इंदिरा गांधी, सुचेता कृपलानी, प्रतिभा पाटील और सोनिया गांधी की लीडरशिप का जिक्र कर कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं को हमेशा आगे बढ़ाया है।

वहीं यूपी में महिला उम्मीदवारों की खोज को लेकर प्रियंका गांधी ने कहा कि ‘हमें हर सीट के लिए 3 से 4 महिलाओं के आवेदन आ रहे हैं। महिला उम्मीदवारों को खोजने में पार्टी को कोई दिक्कत नहीं आ रही है। किसी की बेटी, पत्नी लड़ना चाहती है तो इसमें क्या परेशानी है।