उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले के बीकापुर में मंगलवार को एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी को जमकर निशाने पर लिया। कहा कि जिन आतंकवादियों ने अयोध्या में राम मंदिर पर हमला किया था, सपा ने सत्ता में आने के बाद सबसे पहले उन आतंकवादियों पर दर्ज़ मुकदमों को वापस लेने का शर्मनाक काम किया था। समाजवादी पार्टी का हाथ आतंकवादियों के साथ। उनकी संवेदना आतंकवादियों के प्रति हैं।
उन्होंने कहा कि हमने फैसला किया है कि जो बेसहारा गायों की देखभाल करेगा, उसे नौ सौ रुपये हर महीने मिलेंगे। इससे गौ माता की भी रक्षा होगी और कोई बूचड़खाना नहीं चलेगा। जैसे अपराधी थाने पर गले में तख्ती लगाकर खड़ा होता है कि जान बख्श दो, ऐसे ही हर कसाई ठेले पर सब्जियां बेचते नजर आएंगे। पाप से उसको मुक्त किया जा रहा है। पाप की दुनिया से हटकर पुण्य की दुनिया में जाएगा।
योगी ने कहा कि 2017 के पहले क्या होता था। हर तीसरे दिन एक दंगा होता था। पिछले पांच साल में प्रदेश में एक भी दंगा नहीं हुआ। पेशेवर माफिया 4.5 वर्षों तक बिलों के अंदर दुबके थे, चुनाव की घोषणा के बाद फिर से बाहर आकर धमकीबाज बन गए। हमने कहा कि थोड़े दिन और इनकी गर्मी रहने दो 10 मार्च के बाद सब शांत हो जाएगा। उन्होंने कहा कि फ्री में टेस्ट, उपचार और वैक्सीन दी गई। डबल डोज़ राशन का भी मिला। क्या सपा, बसपा, कांग्रेस के समय भी ऐसे ही राशन मिलता था? जब ये आपके सुख दुख में सहभागी नहीं तो इन्हें सिर में ढोने की क्या ज़रूरत है। इनको विसर्जन करने की ज़रूरत है।
उन्होंने बताया कि 45 लाख 50 हजार गरीबों को एक-एक मकान दिया। अयोध्या जनपद मे 48 हजार 400 परिवारों को एक-एक मकान दिया है। जब हम अयोध्या की पांचों सीटें जीतेंगे तो उत्तर प्रदेश में 325 सीटों का समर्थन भाजपा को प्राप्त होगा। 325 सीट का मतलब एक मज़बूत और दमदार सरकार होगी।
बताया कि हम एक करोड़ लोगों को टैबलेट और स्मार्ट फोन देंगे। दस मार्च के बाद दो करोड़ लोगों को देंगे। आपके ऑनलाइन खर्च भी सरकार देगी। यह नया भारत है। नए भारत का दीपोत्सव, वृंदावन का रंगोत्सव, काशी की देवदीपावली, प्रयागराज का भव्य कुंभ नया उत्तर प्रदेश का उदाहरण है। साथ-साथ सबको सुरक्षा, सबको सम्मान प्रदान किया जा रहा है।