रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या ऐसे नेता को सरकार बनाने का मौका देना चाहिए जिसकी प्रशंसा एक ‘दुश्मन’ कर रहा हो। वह पाकिस्तान के पूर्व मंत्री फवाद हुसैन चौधरी के राहुल गांधी की प्रशंसा में दिए गए बयान का जिक्र कर रहे थे।

झारखंड के बोकारो में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राजनाथ ने कहा कि पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर (पीओके) भारत का हिस्सा है और हमेशा रहेगा। उन्होंने कहा, पाकिस्तान के पूर्व मंत्री फवाद हुसैन ने कहा है कि पुलवामा और उरी हमलों में पाकिस्तानी आतंकवादी शामिल थे। यही फवाद हुसैन प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ नहीं करते बल्कि राहुल गांधी की प्रशंसा कर रहे हैं।

मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि क्या ऐसे नेता का सम्मान होना चाहिए जिसकी तारीफ दुश्मन करें। क्या उन्हें सरकार बनाने की अनुमति मिलनी चाहिए? वह देश को किस दिशा में ले जाना चाहते हैं? मैं आपसे देश को बचाने की अपील करता हूं। पाकिस्तान में इमरान खान सरकार में मंत्री रहे फवाद ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर राहुल गांधी का एक वीडियो साझा करते हुए लिखा था, राहुल आन फायर।

सिंह ने कहा कि विपक्ष भाजपा पर संविधान बदलने का आरोप लगा रहा है, लेकिन कांग्रेस सरकार में 90 बार चुनी हुई सरकारों को गिराया गया था। राजनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा, झामुमो नीत सरकार में झारखंड में भ्रष्टाचार चरम पर है और मुख्यमंत्री के संरक्षण के बिना यह संभव नहीं है। उन्होंने जनता से अपील की कि राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन को बाहर का रास्ता दिखाएं।

कांग्रेस के राज में नहीं होता था विकास: जेपी नड्डा

जनसत्ता : हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कामकाज पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार को सवाल खड़े किए हैं। नड्डा ने कहा कि कांग्रेस के राज में भूपेंद्र सिंह हुड्डा चिट्ठियां लिखते थे, लेकिन हरियाणा का विकास नहीं होता था। उन्होंने बताया कि कांग्रेस सरकार ने यूपीए सरकार के दस साल के शासन काल में हरियाणा राज्य को केवल 41 हजार करोड़ रुपए भेजे लेकिन मोदी सरकार ने हरियाणा को दस साल में 2.70 लाख करोड़ रुपए दिए हैं।

इस सीट से कांग्रेस से दीपेंद्र हुड्डा चुनाव मैदान में है जबकि भाजपा ने इस सीट से अरविंद शर्मा को प्रत्याशी बनाया है। नड्डा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री को केवल अपना बेटा सांसद के रूप में चाहिए जबकि रोहतक को तीसरी बार मोदी सरकार चाहिए। यह रोड शो रोहतक के स्वामी विवेकानंद काम्पलेक्स से डा भीमराव आम्बेडकर चौक तक और जींद में पंजाबी धर्मशाला से टाउन हाल के बीच हुआ। इस रोड शो में नड्डा ने विपक्षी गठबंधन के नेताओं पर एक के बाद एक जवाबी हमले बोले। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण का जीता जागता उदाहरण है।

उन्होंने दावा किया रोहतक व सोनीपत में इस बार राज्य की सभी सीटों पर तीसरी बार पचास फीसद वोट के साथ कमल खिलने जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की कल्याणकारी नीतियों से जन – जन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आए हैं और हरियाणा आज डबल इंजन की सरकार में तेज विकास के पथ पर अग्रसर है।

नड्डा ने कहा कि पहले की कांग्रेस सरकारों ने एक रैंक- एक पेंशन के मुद्दे को चालीस साल तक लटकाए रखा लेकिन भाजपा सरकार ने पहले ही कार्यकाल में इस समस्या को हल किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी कहते हैं कि हम किसानों के हित की बात करते हैं लेकिन कांग्रेस पार्टी संवैधानिक पद पर बैठे जाट- किसान नेताओं का अपमान करती है।

वहीं नड्डा ने आम आदमी पार्टी के नेता व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी महिला सांसद स्वाति मालीवाल के अपमान के मामले में घेरा। उन्होंने कहा कि एक महिला सांसद से मारपीट होती है लेकिन इस मामले में विपक्षी गठबंधन चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने कहा कि इस चुप्पी ने साफ कर दिया है कि कांग्रेस केवल लड़की हूं, लड़ सकती हूं का नारा दे सकती है लेकिन जब महिलाओं का साथ देने की बात आती है तो इनके मुंह में दही जम जाती है।

उन्होंने कहा कि इस घटना ने विपक्षी गठबंधन के नेताओं का झूठ और चरित्र साफ कर दिया है और जनता के सामने इनका चेहरा बेनकाब हो गया है। आज की सभा में भी नड्डा ने दावा किया कि इस बार भी नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे और देश में भाजपा – सहयोगी दलों के पास चार सौ सीट का आंकड़ा होगा।