राजस्थान विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी गुरमीत सिंह कुन्नर का निधन हो गया है। वह दिल्ली स्थित AIIMS अस्पताल में भर्ती थे। गुरमीत सिंह कुन्नर को कांग्रेस ने राजस्थान की करनपुर विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाया था।

सूत्रों के अनुसार, गुरमीत सिंह कुन्नर (75) को AIIMS के जेरिएट्रिक मेडिसिन वार्ड में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के प्रमाण पत्र के मुताबिक, उनका निधन सेप्टिक शॉक और गुर्दे की बीमारी की वजह से हुआ। वह हाई ब्लड प्रेशर से भी पीड़ित थे। उन्हें 12 नवंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

CM अशोक गहलोत ने जताया शोक

राजस्थान के CM अशोक गहलोत ने कुन्नर के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन को कांग्रेस के लिएअपूरणीय क्षति बताया है। अशोक गहलोत ने X पर पोस्ट कर कहा, “करणपुर से विधायक एवं पूर्व मंत्री गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन की सूचना से मुझे बेहद दुख हुआ है। कुन्नर लंबे समय तक, अस्वस्थ होते हुए भी अपने क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए हमेशा प्रयासरत रहते थे। कुन्नर साहब का निधन कांग्रेस पार्टी एवं राजस्थान की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है।”