Rajasthan Assembly Election Results: राजस्थान की सिविल लाइंस विधानसभा सीट पर मतगणना खत्म होने के बाद फाइनल रिजल्ट आ चुका है। इस चुनाव में बीजेपी के गोपाल शर्मा ने कांग्रेस के प्रताप सिंह खाचरियावास को 28,329 वोटों से हरा दिया है। 2018 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी प्रताप सिंह खाचरियावास ने जीत दर्ज की थी।
किसे मिले कितने वोट, क्या रहा जीत का अंतर ?
सिविल लाइंस विधानसभा सीट पर जीत दर्ज करने वाले बीजेपी प्रत्याशी गोपाल शर्मा को 98661 वोट मिले, दूसरे नंबर पर कांग्रेस के प्रताप सिंह खचारियावास रहे, जिन्हें 70332 वोट मिले हैं। गोपाल शर्मा ने कांग्रेस प्रत्याशी प्रताप सिंह को 28329 वोटों के अंतर से हराया है। तीसरे नंबर पर आम आदमी पार्टी के अर्चित गुप्ता रहे जिन्हें 1385 वोट मिले हैं।
सिविल लाइंस सीट का रिवाज है कि यहां से जिस पार्टी का उम्मीदवार जीतकर आता है निश्चित तौर पर सरकार उसी पार्टी की बनती है। जिस तरह राजस्थान की राजनीति का मिथक एक बार बीजेपी तो दूसरी बार कांग्रेस का रहा है। उसी तरह इस सीट पर भी वोटर पहले ही अनुमान लगा लेते हैं कि सरकार किसकी बनने वाली है। वर्तमान में सिविल लाइंस विधानसभा सीट से कांग्रेस के प्रताप सिंह खाचरियावास विधायक हैं। कांग्रेस पार्टी लगातार खाचरियावास पर विश्वास जताती है और उन्हें ही मैदान में उतारती है।
क्या था पिछले विधानसभा चुनाव का परिणाम?
2018 के विधानसभा चुनाव में सिविल लाइंस विधानसभा सीट सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार प्रताप सिंह खाचरियावास ने जीत दर्ज की थी। उन्होंने कुल 87 हजार 937 वोट हासिल कर जीत का परचम लहराया था। जबकि मंत्री रहते हुए बीजेपी के अरुण चर्तुवेदी को हार का सामना करना पड़ा था। गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव 2018 में कांग्रेस को राजस्थान में कामयाबी मिली थी और भारतीय जनता पार्टी पिछड़ गई थी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत को एक बार फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई गई थी।
साल 2013 के चुनाव में बीजेपी के अरुण चर्तुवेदी ने कांग्रेस प्रत्याशी खाचरियावास को पटखनी दी थी, इस दौरान वह 77 हजार 693 वोट हासिल कर विधानसभा पहुंचने में कामयाब रहे थे। खाचरियावास 11,129 वोटों के अंतर से दूसरे पायदान पर रह गए थे। वहीं, 2008 में इस सीट पर कांग्रेस के प्रताप सिंह खाचरियावास 58 हजार 166 वोट हासिल कर जीत दर्ज करने में कामयाब रहे थे, इस चुनाव में बीजेपी के अशोक लाहोटी 51 हजार 205 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर थे।
वोटर और चुनावी आंकड़े
सिविल लाइंस विधानसभा में कुल 2 लाख 35 हजार 78 वोटर हैं। इनमें से 12,3091 पुरुष मतदाता हैं तो वहीं महिला मतदाताओं की संख्या 11,1987 है। विधानसभा चुनाव 2018 में यहां मतदान का प्रतिशत 72.35 था। इस सीट पर 50000 से अधिक बाहरी मतदाता हैं जो वोटर के रूप में रजिस्टर्ड हैं।
सिविल लाइंस विधानसभा सीट में लगभग 55,000 ब्राह्मण मतदाता हैं, 25,000 हजार वैश्य मतदाता और लगभग 25,000 अनुसूचित जनजाति के मतदाता हैं। इस सीट पर 25,000 मुस्लिम, 10,000 राजपूत सहित अन्य कई वर्गों के मतदाता हैं।