कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी बुधवार को राजस्थान के झुंझुनू जिले में पहुंची हैं। यहां एक आम सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने मोदी सरकार पर कई तीखे आरोप लगाए। प्रियंका गांधी ने कहा कि आज की केंद्र सरकार केवल दो व्यापारियों को बढ़ावा दे रही है। हवाई अड्डे, बंदरगाह उनके हाथ में दे रही है और रोजगार के अवसर पैदा करने में विफल रही है। इस दौरान मंच पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी मौजूद थे। अशोक गहलोत ने अपनी योजनाओं के बारे में बात करते हुए एक बार फिर कांग्रेस सरकार लाने की बात कही। इस दौरान अशोक गहलोत ने कई घोषणाएं भी की हैं। कांग्रेस ने घोषणा की है कि एक करोड़ से ज्यादा परिवारों को 500 रुपए में गैस सिलेंडर दिए जाएंगे। परिवार की महिला मुखिया को हर साल 10 हजार रुपए दिए जाने की घोषणा भी की गई है। इस कार्यक्रम के पूर्व केंद्रीय मंत्री शीशराम ओला की प्रतिमा का अनावरण भी किया गया।
प्रियंका गांधी ने क्या कहा?
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने झुंझुनू जिले में कहा, “राजस्थान की मिट्टी ने देश को बहुत कुछ दिया है। ये वीरों का प्रदेश हैं। इस धरती ने अनगिनत शहीद दिए और यहीं से स्वतंत्रता की अलख जली, इसलिए यहां की माताओं को मेरा प्रणाम। झुंझुनू भारत की गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल भी है। झुंझुनू का इतिहास शौर्य का है, जिस पर पूरे देश को गर्व है।” प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि देश और प्रदेश को चला रहे नेता के भीतर एक गहरी समझ होनी चाहिए, यह समझ होनी चाहिए कि हम देश को भविष्य में कहां ले जाना चाहते हैं। सरकारों को खोखली बातें नहीं बल्कि काम करना चाहिए।
अशोक गहलोत ने क्या कहा?
इस दौरान सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि समाज सेवा में राजस्थान सरकार ने मील के पत्थर स्थापित किए हैं। गहलोत ने कहा,”भारत में कहीं भी 25 लाख रुपये का बीमा नहीं है, राजस्थान में 1 करोड़ लोगों को पेंशन मिलती है, जिनमें विधवाएं, बुजुर्ग और अन्य लोग शामिल हैं, ये हैं सामाजिक सुरक्षा, सरकार की मेहरबानी नहीं है।”
अशोक गहलोत ने आगे कहा, “राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा चार विषयों पर थी: महंगाई, बेरोजगारी, समाज में समरसता और अमीर-गरीब के बीच बढ़ती खाई. मुझे यह कहते हुए गर्व हो रहा है कि मेरी सरकार का बजट इन ही चार विषयों पर रहा।” इसके बाद अशोक गहलोत ने घोषणा की कि राजस्थान में कांग्रेस की सरकार आने पर एक करोड़ से ज्यादा परिवारों को 500 रुपए में गैस सिलेंडर दिए जाएंगे। परिवार की मुखिया को हर साल 10 हजार रुपए दिए जाने की घोषणा भी की गई है।