राजस्थान विधानसभा चुनाव में जोधपुर की सूरसागर सीट का चुनाव काफी दिलचस्प होने जा रहा है। भाजपा ने इस सीट से मौजूदा विधायक सूर्यकांता व्यास (जीजी) का टिकट काट दिया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बयान दिया है कि उनका टिकट मेरी तारीफ करने की वजह से काटा गया है और भाजपा ने अपने अन्य विधायकों के साथ भी ऐसा किया है। हालांकि इस मामले पर फोकस मंगलवार रात के बाद और ज्यादा बढ़ गया है। वजह अशोक गहलोत का सूर्यकांता व्यास (जीजी) के घर पहुंचना बताया जा रहा है। अशोक गहलोत उनके घर पहुंचे और 15 मिनट वहां रहे, सूर्यकांता व्यास ने माला और साफा पहना कर उनका स्वागत भी किया।

क्या हैं इस मुलाकात के सियासी मायने?

भाजपा विधायक सूर्यकांता व्यास (जीजी) की सूरसागर सीट पर काफी पकड़ है। वह तीन बार से यहां की विधायक हैं। इस बार जब भाजपा ने उनका टिकट काटा तो इसे काफी अचंभे से देखा गया। अशोक गहलोत भी जोधपुर की सरदारपुरा सीट से विधायक हैं और जोधपुर के रहने वाले हैं।

जब वह मंगलवार रात सूर्यकांता व्यास के घर पहुंचे तो उनके स्वागत में वहां मौजूद लोगों ने अशोक गहलोत जिंदाबाद के नारे भी लगाए। सूर्यकांता व्यास ने अशोक गहलोत को माला पहनाई और साफा पहनाकर उनका स्वागत किया। पिछले दिनों वह अशोक गहलोत की तारीफ को लेकर और गजेन्द्र सिंह शेखावत से विवाद को लेकर भी चर्चा में आई थी। अब अशोक गहलोत से उनकी मुलाकात के बाद राजनीतिक अटकलें बढ़ गई हैं कि कांग्रेस सूरसागर का किला भेदने के लिए सूर्यकांता व्यास को सामने ला सकती है।

भाजपा के लिए खड़ी हो सकती है मुश्किल

चुनाव के दौरान नेताओं का पाले बदलना एक आम बात हो गई है। इस बार राजस्थान में ऐसा देखा जा रहा है। जहां भाजपा से नाराज कई विधायकों ने पाला बदलने की योजना बनाई है। अगर सूर्यकांता व्यास पाला बदलती हैं तो यह भाजपा के लिए परेशानी का सबब बन सकता है। उनका ऐसा करना जोधपुर की अन्य सीटों पर भी प्रभाव डाल सकता है।