पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने तीन राज्यों में वापसी की। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिला। राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी कांग्रेस की सरकार बनाने का रास्ता साफ हो गया है। इस सफलता पर पूरे देश के नेताओं ने कांग्रेस पार्टी, राहुल गांधी व पार्टी से जुड़े नेताओं को बधाई दी। लेकिन मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने कांग्रेस की जीत पर कटाक्ष किया है। राज ठाकरे ने कहा कि राहुल गांधी जिन्हें विपक्षी पप्पू कहते थे, अब वे परम पूज्य हो गए हैं। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी गुजरात में अकेले थे, यहां तक की कर्नाटक में भी और अभी भी। अब पप्पू परम पूज्य हो गए हैं। क्या उनका नेतृत्व राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकार किया जाएगा?”

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख ने भारतीय जनता पार्टी पर भी निशाना साधा और कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के व्यवहार की वजह से हार गई। उन्होंने आगे कहा, “जिस तरीके से मोदी जी और अमित शाह पिछले चार साल व्यवहार कर रहे थे, वैसे हालात में यही होना था। देश की जनता के सामने सारा मामला साफ हो गया है। वे हर मोर्चे पर फेल हो चुके हैं। दिखाने और बताने को कुछ भी नहीं है। इसलिए वे अब राम मंदिर कार्ड खेल रहे हैं लेकिन जनता अब समझदार हो चुकी है।”

बता दें कि तेलंगाना में विधानसभा चुनाव में टीआरएस ने प्रचंड बहुमत हासिल करके लगातार दूसरे कार्यकाल के लिये सत्ता में आना सुनिश्चित कर लिया है, वहीं मिजोरम में मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) ने कांग्रेस को पूर्वोत्तर में उसके आखिरी गढ़ में हराकर 10 साल बाद सत्ता में वापसी की है। सिंहासन का सेमीफाइनल बताए जा रहे इन विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के अच्छे प्रदर्शन से उत्साहित पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि ये नतीजे मोदी सरकार के लिये ‘स्पष्ट संदेश’ हैं कि जनता उससे खुश नहीं है और बदलाव का समय आ गया है। नरेंद्र मोदी को जबर्दस्त जनादेश मिला, लेकिन उन्होंने देश की धड़कन को सुनने से इंकार कर दिया। (एजेंसी इनपुट के साथ)