Rahul Gandhi’s Patna Rally: बिहार में 28 साल बाद कांग्रेस की रैली में मौजूदा पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। रविवार (तीन फरवरी, 2019) को राजधानी पटना के गांधी मैदान में राहुल ने रोजगार के मसले पर कहा, “मोदी जी ने वादा किया था कि वह हर साल दो करोड़ नौकरियां देंगे। क्या किसी को नौकरी मिली? नहीं। हमने किसानों का कर्ज माफ करने का वादा किया और 10 दिनों के भीतर उसे तीन राज्यों (म.प्र, राजस्थान और छत्तीसगढ़) में कर के दिखाया। अगर कांग्रेस सत्ता में आएगी तो पटना विवि को केंद्रीय विवि का दर्जा दिया जाएगा।”
वह आगे बोले, “मैं यूपी में कह चुका हूं कांग्रेस बैकफुट पर नहीं रहेगी, हम आगे आएंगे। हम तेजस्वी और लालू जी के साथ मिलकर आगे आएंगे और छक्का लगाएंगे। तेजस्वी युवा नेता हैं। वह झूठ नहीं बोलते हैं, बल्कि काम कर के दिखाते हैं। हम मिलकर इज्जत और प्यार से लोकसभा में और उसके बाद विधानसभा में गठबंधन की सरकार बनाएंगे।” देखें, जन आकांक्षा रैली:


कांग्रेस अध्यक्ष के अनुसार, पीएम कभी फ्रांस, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया जातें है। एक के बाद एक दौरे करते हैं। अब सच्चाई सामने आई है। पहले नारा लगता था- अच्छे दिन आएंगे। अब नारा लगता है- चौकीदार...। चौकीदार जगह-जगह जाकर चोरी कराता है। अनिल अंबानी पर एक लाख करोड़ का कर्ज है। मतलब इतने पैसे से देश में तीन मनरेगा चल सकती है। मजदूरों को तीन बार रोजगार दिया जा सकता है।
बिहार में 28 साल बाद कांग्रेस की रैली में मौजूदा पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। रविवार (तीन फरवरी, 2019) को राजधानी पटना के गांधी मैदान में राहुल ने कहा कि बिहार आज बेरोजगारी का सेंटर बना हुआ है। ऐसे में सूबे का युवा देश में जगह-जगह चक्कर काटने को मजबूर है। मोदी सरकार बीमा के नाम पर लोगों से पैसा तो ले लेती है, पर जब देने की बात आती है तो वह अनिल अंबानी और नीरव मोदी को दे देती है। 17 रुपए से काम नहीं बनने वाला। किसान का अपमान करेंगे, तो जवाब मिलेगा। राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ का किसान बीजेपी और मोदी को जवाब दे चुका है।
रैली में कांग्रेसी नेता शक्ति सिंह गोहिल बोले- आज संविधान को बचाने के लिए राहुल गांधी उस गांधी मैदान आए हैं, जहां एक जमाने में इंदिरा गांधी आई थीं। यह लड़ाई विचारधाराओं की है। एक तरफ वादे पूरे किए जाते हैं। दूसरी तरफ जुमलों की बारिश की जाती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अच्छे दिन आएंगे...वाले नारे पर तंज कसा और नया नारा दिया। कहा कि अब जुमलेबाज जाएंगे, सच्चे दिन आएंगे।
कमलनाथ ने कहा कि सीएम का कार्यभार संभालने के बाद मैंने सबसे पहले कर्जमाफी की। आज तीन फरवरी है और अब तक हम किसानों का 30 लाख तक का कृषि ऋण माफ कर चुके हैं। तीन मार्च के बाद हम शेष 15 लाख रुपए का कृषि ऋण माफ करेंगे।वहीं, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बोले कि राफेल पर पीएम मोदी के पास कोई जवाब नहीं है। इन लोगों के कारण देश को खतरा है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि लगभग 30 साल बाद पटना आया हूं। यहां का उत्साह देखकर खुशी है और मुझे यहां अपनी जवानी भी याद आती है। सभा में लाए हुए नहीं, बल्कि आए हुए लोग हैं। हमारा भटकता हुआ नौजवान हमारे, बिहार और पूरे देश के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। पीएम ने हमारे युवाओं को धोखा दिया। यहां है कोई मेक इन इंडिया वाला, स्किल इंडिया या फिर डिजिटल इंडिया वाला? जिनती आत्महत्याएं भारत में होती हैं, उतनी अफ्रीका में भी नहीं होतीं।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि हमें जुमलेबाजों से बचना होगा। वहीं, लोकतांत्रिक जनता दल के मुखिया शरद यादव ने कहा कि देश इस वक्त संकट से गुजर रहा है। संविधान भी संकट में है। किसान और मजदूर की हालत खराब है। देश की बड़ी संस्थाएं खराब की जा रही हैं। जनता मालिक है, पर वह भी खतरे में है। बता दें कि बिहार में 28 साल बाद कांग्रेस की रैली हो रही है।
रैली में कांग्रेस के नेता और पार्टी कार्यकर्ता गांधी मैदान पहुंचे। महागठबंधन में शामिल कांग्रेस के अन्य सहयोगी दलों- राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव, रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा, लोकतांत्रिक जनता दल प्रमुख शरद यादव, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के प्रमुख जीतन राम मांझी सहित कांग्रेस के बिहार के कई अन्य कद्दावर नेता शामिल हुए।
कांग्रेस ने अपने लोकसभा सांसदों के लिए तीन लाइन का विप जारी किया है। पार्टी ने इसके साथ ही कहा है कि ये सभी सांसद सोमवार चार फरवरी से आठ फरवरी तक सदन में उपस्थित रहें।
जन आकांक्षा रैलीः पटना के गांधी मैदान में कार्यक्रम के लिए भारी भीड़ जुटी है। थोड़ी देर में यहीं पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पार्टी कार्यकर्तांओं और जनता को संबोधित करेंगे। (फोटोः ANI)
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के पुतले पर गोली चलाए जाने के विरोध में कांग्रेस सोमवार (4 फरवरी, 2019) को राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन करेगी। पार्टी के सभी राज्यों के मुख्यालयों पर यह प्रदर्शन सुबह 10 बजे शुरू होगा। इससे पहले, 30 जनवरी को बापू की पुण्यतिथि पर अखिल भारतीय हिंदू महासभा की नेता और महंत पूजा शकुन पांडे ने गांधी के पुतले पर सांकेतिक गोली चलाई थी। यही नहीं, उसने बापू के हत्यारे नाथूराम गोडसे के फोटो पर फूल-माला भी चढ़ाया था, जिसके बाद उसे कई लोगों ने लेडी गोडसे करार दिया था।
जन आकांक्षा रैली में हिस्सा लेने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी दोपहर साढ़े 12 बजे निकले थे। पटना की फ्लाइट में उनके साथ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ समेत एआईसीसी ट्रेजरर अहमद पटेल थे। (फोटोः टि्वटर/@INCIndia)