रविवार को प्रियंका गांधी पंजाब के चुनावी दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने फरीदकोट के कोटकपूरा और संगरूर के धुरी में जनसभा को संबोधित किया। कोटकपूरा में लोगों को संबोधित करने के बाद धुरी जाते समय वे राजो माजरा नाम के एक गांव में रुकी। जहां उन्होंने खेतों का जायजा लिया और किसान परिवार के साथ मुलाक़ात भी की। इस दौरान उन्होंने मक्के की रोटी और सरसों के साग का जायका भी लिया।
कांग्रेस के ट्विटर हैंडल से प्रियंका गांधी की यह तस्वीर शेयर की गई जिसमें वो मक्के की रोटी और सरसों के साग का स्वाद चखती हुई नजर आ रही हैं। इस दौरान कांग्रेस के दिग्गज नेता सुनील जाखड़ और धुरी से कांग्रेस उम्मीदवार दलवीर सिंह गोल्डी भी उनके साथ रहे। दलवीर सिंह गोल्डी आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री चेहरे भगवंत मान के खिलाफ धुरी से चुनाव लड़ रहे हैं। दलवीर धुरी के मौजूदा विधायक हैं और उन्होंने पिछले चुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार जसवीर सिंह सेखों को 2000 के अंतर से चुनाव हराया था।
रविवार को सबसे पहले प्रियंका गांधी ने कोटकपूरा में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कैप्टन अमरिंदर सिंह और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। प्रियंका गांधी ने कहा कि पंजाब में पहले भी कांग्रेस सरकार की थी लेकिन वह पंजाब से नहीं बल्कि दिल्ली से भाजपा के इशारे पर चलती थी। यह छिपा गठजोड़ आज सामने आ गया है।
इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि इसी कारण से हमें सरकार बदलनी पड़ी। हमें चरणजीत सिंह चन्नी को आगे लाना पड़ा। चन्नी आपके बीच से ही हैं और वे आपकी समस्याओं को जानते एवं महसूस करते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि सीएम चन्नी और उनकी सरकार ने कम समय में दिन रात मेहनत की और कम समय में बहुत कुछ करके दिखाया है।
चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू ने धुरी में प्रियंका गांधी की रैली में उनके साथ स्टेज शेयर किया। हालांकि उन्होंने जनसभा को संबोधित नहीं किया। बता दें कि नवजोत सिंह सिद्धू भी मुख्यमंत्री पद के चेहरे की रेस में शामिल थे लेकिन वे शुरुआती मुकाबले में ही सीएम चन्नी से हार गए। गौरतलब है कि पंजाब में 20 फरवरी को विधानसभा चुनाव होने हैं। जबकि मतगणना 10 मार्च को होगी।