पंजाब में बुधवार को पीएम नरेंद्र मोदी की ‘सुरक्षा में चूक’ को लेकर बीजेपी नेता सबिता पात्रा ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। पात्रा ने ट्वीट कर लिखा, ‘प्रोटोकॉल के अनुसार पंजाब के CM, DGP और मुख्य सचिव को प्रधानमंत्री जी के साथ होना था, वो कहा थे? कौन सा षड्यंत्र रच रहे थे? पंजाब अध्यक्ष के अनुसार राहुल गांधी विदेश में गुप्त मीटिंग पर गए है..वो कौन सी गुप्त मीटिंग कर रहे हैं..?’
सीएम चन्नी की स्क्रिप्ट झूठी: संबित पात्रा
संबित पात्रा ने एक और ट्वीट कर लिखा, ‘पंजाब के मुख्यमंत्री 10 हजार सुरक्षाकर्मी लगाने की बात कर रहे थे! क्या यही हैं 10 हजार सुरक्षाकर्मी? मुख्यमंत्री झूठी स्क्रिप्ट तैयार करने के बजाय सुरक्षा व्यवस्था तैयार करने पर ध्यान दिया होता तो प्रधानमंत्री जी की सुरक्षा में इतनी बड़ी सेंध नहीं होती!’
राहुल गांधी की गुप्त मीटिंग, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष और सीएम कौन साजिश रच रहे हैं
संबित पात्रा ने एक और ट्वीट कर लिखा, ‘आज सुबह पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष का बयान आता है की राहुल गांधी विदेश दौरे पर ‘गुप्त मीटिंग’ के लिए गए हैं और शाम होते होते पंजाब में प्रधानमंत्री जी के सुरक्षा में इतनी बड़ा सेंध!! राहुल गांधी की गुप्त मीटिंग, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष और पंजाब के मुख्यमंत्री कौन सी साजिश रच रहे थे?’
संबित पात्रा के अलावा उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘देश के संवैधानिक प्रमुख, देश के प्रधानमंत्रीजी की सुरक्षा के साथ किए गए खिलवाड़ के लिए कांग्रेस को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। अपना देश कभी भी इस प्रकार की कांग्रेस की साजिशों को सफल नहीं होने देगा। कांग्रेस सदैव से इस देश की संवैधानिक व्यवस्थाओं की अवमानना करती रही है और आज इसका उदाहरण एक बार फिर से देश ने देखा है।’
कैप्टन बोले- पाकिस्तान बॉर्डर से 10 किमी की दूरी पर पीएम की सुरक्षा से खिलवाड़
पंजाब के पूर्व सीएम और पूर्व कांग्रेस नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा, ‘जब आप प्रधानमंत्री को के लिए सुरक्षित रास्ता देने नहीं दे सकते, वो भी उस स्थान पर जो कि पाकिस्तान बॉर्डर से मात्र 10 किलोमीटर की दूरी पर है तो आपको कोई हक नहीं बनता है कि पद पर रहें, आपको इस्तीफा दे देना चाहिए।’
पंजाब अराजकता का जीता-जागता उदाहरण
योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘आदरणीय प्रधानमंत्री जी की सुरक्षा के साथ आज हुई गंभीर चूक अक्षम्य है और यह पंजाब सरकार और कांग्रेस की एक दुरभिसंधि को प्रदर्शित करता है। पंजाब सरकार के संरक्षण में आज हुआ है वह पंजाब में व्याप्त अराजकता और दुर्व्यवस्था का एक जीता जागता उदाहरण है। कांग्रेस शासित पंजाब की सरकार को देश की जनता से इस बात के लिए माफी मांगनी चाहिए।’
कांग्रेस नेता सुनील जाखड़ ने अपनी ही पार्टी को घेरा
पंजाब कांग्रेस के नेता सुनील जाखड़ ने पंजाब में पीएम मोदी की सुरक्षा में हुई चूक पर अपनी ही पार्टी को घेरा। उन्होंने कहा, ‘आज जो हुआ, उसे स्वीकार नहीं किया जा सकता है। यह पंजाबियत के खिलाफ है। पीएम मोदी के लिए फिरोजपुर रैली स्थल तक सुरक्षित रास्ता सुनिश्चित किया ही जाना चाहिए था। हमारी डेमोक्रेसी इसी तरह से काम करती है।’
गजेंद्र सिंह शेखावत, नरेंद्र सिंह तोमर और राजनाथ सिंह ने भी बोला कांग्रेस पर हमला
केंद्रीय रक्षा मंत्री मंत्री राजनाथ सिंह ने भी प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि जिस तरह से लापरवाही बरती गई वह अत्यंत शर्मनाक है। बीजेपी के पंजाब प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, ‘यह एक साजिश है। यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि जो भी जिम्मेदार है उसके खिलाफ कड़ा एक्शन लिया जाए। कुछ जूनियर अधिकारियों को सस्पेंड करने से इस समस्या का समाधान नहीं निकलने वाला है।’
केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा, ‘पीएम की सुरक्षा में चूक की जिम्मेदारी पंजाब सरकार को लेनी चाहिए। यह घटना दर्शाती है कि राज्य में कानू-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। कांग्रेस को देश से क्षमा मांगनी चाहिए।’