2019 के लोकसभा चुनावों से पहले कांग्रेस ने प्रियंका गांधी पर बड़ा दांव खेला है। पार्टी ने उन्हें महासचिव बनाते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया है। प्रियंका के पति रॉबर्ट वाड्रा ने फेसबुक पर उन्हें बधाई दी है और लिखा है कि वो हमेशा उनके साथ हैं। माना जा रहा है कि प्रियंका की इस नियुक्ति से कांग्रेस यूपी, बिहार और झारखंड में फायदा उठाने की कोशिश करेगी। पार्टी के वरिष्ठ नेता मोती लाल बोरा ने कहा कि प्रियंका की राजनीतिक एंट्री से कांग्रेस मजबूत होगी। बता दें कि लंबे समय से प्रियंका गांधी की सक्रिय राजनीति में एंट्री की मांग कार्यकर्ताओं द्वारा की जाती रही है लेकिन वो अमेठी और रायबरेली संसदीय सीटों तक ही सिमटी रही थीं। एक चर्चा यह भी है कि प्रियंका 2019 में मां सोनिया गांधी की जगह रायबरेली से चुनाव लड़ सकती हैं। 47 साल की प्रियंका गांधी अपने भाई और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से दो साल बड़ी हैं।

कहा जाता है कि गांधी परिवार के समर्थक प्रियंका गांधी में उनकी दादी और भूतपूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का अक्स देखते हैं। साल 2009 के चुनावों में प्रियंका चुनावी रैलियों में इंदिरा गांधी के पहनावे में भी नजर आ चुकी हैं। प्रियंका की जिंदगी काफी उथल-पुथल वाली रही है। जब वो करीब बारह साल की थीं तब 31 अक्टूबर 1984 को उनकी दादी की हत्या कर दी गई थी। उस वक्त प्रियंका को पढ़ाई छोड़नी पड़ी थी और घर में ही भारी सुरक्षा के बीच रहना पड़ा था। प्रियंका ने बाद में मॉडर्न स्कूल से स्कूलिंग पूरी की। इसके बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी के जीसस एंड मेरी कॉलेज से उन्होंने मनोविज्ञान में ग्रैजुएशन किया। बाद में साल 2010 में उन्होंने बुद्धिस्ट स्टडीज में एमए किया।

प्रियंका ने अपने बचपन के दोस्त और दिल्ली के कारोबारी रॉबर्ड वाड्रा से 18 फरवरी 1997 को शादी की। इनकी शादी हिन्दू रीति-रिवाज से मां सोनिया गांधी के आधिकारिक आवास 10 जनपथ में हुई थी। रेडिफ डॉट के मुताबिक सोनिया गांधी के सचिव वी जॉर्ज ने प्रियंका और रॉबर्ट वाड्रा की शादी के लिए दिल्ली के एक चर्च से संपर्क किया था लेकिन तब पादरी ने उनकी शादी कराने से इनकार कर दिया था। चर्च के पादरी ने कहा था कि जब तक वाड्रा के क्रिश्चन होने का प्रमाण पत्र नहीं दिया जाएगा तब तक उनकी शादी चर्च में नहीं होगी। बता दें कि रॉबर्ड वाड्रा के पिता राजिन्दर वाड्रा एक पंजाबी हिन्दू थे। इस दंपति के दो बच्चे हैं। बेटी मिराया और बेटे रेहान वाड्रा। दोनों बच्चों के लिए मां प्रियंका बहुत प्यार करने वाली मगर सख्त शिक्षिका हैं। प्रियंका अपने बच्चों के लिए खुद खाना बनाती हैं।

प्रियंका गांधी ने आउटलुक पत्रिका को दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि उन्होंने पहली बार रॉबर्ट वाड्रा को तब देखा था जब वो 13 साल की थीं। प्रियंका ने बताया था कि उन्होंने इस वजह से वाड्रा को पसंद किया था क्योंकि उन्होंने एक अलग व्यक्ति की तरह व्यवहार किया था। हालांकि, इन दोनों का रिश्ता कई बार सवालों के घेरे में रहा लेकिन प्रियंका हमेशा खामोश रहीं। जब राजनीतिक विपक्षियों ने उनके बारे में बुरा बोला और उन पर हमले किए प्रियंका ने हमेशा अपने पति का बचाव किया।