Lok Sabha Election 2019: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार (1 मई) को मध्य प्रदेश के इटारसी में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी पर सनसनीखेज आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वाले मुझसे इतनी नफरत करते हैं कि वे मेरी हत्या कराने के सपने भी देखने लगे हैं। बता दें कि पीएम मोदी ने यह बात मध्य प्रदेश की जनता को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि इस वक्त मध्य प्रदेश और पूरे देश की जनता ने मुझ पर दांव लगा रखा है। अपने भाषण के दौरान पीएम मोदी ने भोपाल लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह पर भी निशाना साधा।
क्या बोले पीएम मोदी? : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के इटारसी में कहा, ‘‘सोचिए, कांग्रेस वालों को आपके मोदी से इतनी नफरत हो गई है कि वो मोदी को मारने तक के सपने देखने लगे हैं। लेकिन वे यह कैसे भूल सकते हैं कि मध्य प्रदेश और पूरे देश की जनता ने मोदी पर दांव लगा रखा है।’’
National Hindi News, 2 May 2019 LIVE Updates: दिनभर की हर खबर के लिए इस लिंक पर करें क्लिक
जाकिर नाइक से दिग्विजय पर निशाना: पीएम मोदी ने भोपाल लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी व मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर भी निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा, ‘‘दिग्गी राजा ने जाकिर नाईक को अपने कंधे पर बैठाकर डांस किया था। कांग्रेस सरकार ने आतंकवाद पर पुलिस अधिकारियों को संबोधित करने के लिए नाईक को बुलाया था। श्रीलंका ने ईस्टर पर हुए धमाकों के बाद उसका चैनल बंद कर दिया है, जबकि पिछली सरकार ने नाईक को शांति के दूत के रूप में पेश किया था। डूब मरो कांग्रेस वालों।’’
कांग्रेस को कहा बेईमान पार्टी : अपने भाषण के दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस को बेईमान पार्टी के रूप में पेश किया, जिसका एजेंडा सिर्फ भ्रष्टाचार और राजवंशीय शासन करना है। उन्होंने कहा कि बीजेपी देश में विकास को मिशन बनाकर काम करती है।
पाकिस्तान का भी किया था जिक्र: इटारसी से पहले पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में रैली की थी। उस दौरान उन्होंने पाकिस्तान पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था, ‘‘पाकिस्तान में अब भी आतंकवाद की फैक्ट्रियां चल रही हैं। वे हमारा ध्यानभंग होने का सिर्फ एक मौका ढूंढ रहे हैं। कुछ दिन पहले जो श्रीलंका में हुआ, वह हमने देखा है। 2014 तक भारत में भी ऐसा ही माहौल था। हम अयोध्या और फैजाबाद में हुए बम धमाकों को नहीं भूल सकते हैं। हम उन दिनों को कभी नहीं भूल सकते हैं, जब देश में किसी भी दिन और कहीं पर भी बम धमाका हो जाता था। पिछले 5 साल में इस तरह की खबरें नहीं आ रही हैं। इसका मतलब यह नहीं है कि आतंकवाद पूरी तरह खत्म हो गया है। हमारे पड़ोस में आतंकवाद की फैक्ट्रियां अब भी चल रही हैं।’’