Narendra Modi Cabinet Ministers 2019 LIVE Updates: विदेश मंत्री एस.जयशंकर ने शनिवार को ट्वीट कर सरकार में विदेश मंत्री बनाए जाने पर शुक्रिया अदा किया। जयशंकर ने ट्वीट कर लिखा कि आप सभी की दुआओं के लिए धन्यवाद! यह जिम्मेदारी पाकर काफी सम्मानित महसूस कर रहा हूं। सुषमा स्वराज जी की जगह लेने पर काफी गर्व महसूस कर रहा हूं। बता दें कि एस. जयशंकर पूर्व विदेश सचिव रहे हैं और विदेश मामलों के जानकार माने जाते हैं। उनकी काबलियत को देखते हुए ही मोदी सरकार में उन्हें विदेश मंत्री जैसा अहम पद दिया गया है।
गांधी-नेहरू परिवार के गढ़ अमेठी लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की पराजय से जुड़े हर पहलू की समीक्षा शुरू हो गयी है। इसे बेहद गोपनीयता के साथ संचालित किया जा रहा है। बता दें कि हालिया लोकसभा चुनावों में राहुल गांधी को भाजपा नेता और अब सरकार में केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने हरा दिया था। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य राजीव सिंह ने शनिवार को बताया कि चुनाव परिणाम की समीक्षा गांव स्तर तक की जा रही है। इसके तहत ब्लाक तथा न्याय पंचायत इकाइयों के अध्यक्षों के साथ जांच टीम की बैठकें हो रही है। उन्होंने बताया कि सारी जांच गोपनीय तरीके से हो रही है और नामित लोगों के अलावा उन बैठकों में किसी और के दाखिल होने पर पाबंदी है। सिंह ने बताया कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का राजनैतिक कार्य देख रहे जुबैर खान तथा पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के प्रतिनिधि किशोरी लाल शर्मा इस पूरी कवायद के लिये अमेठी मे डेरा डाले हुए हैं। किशोरी लाल अमेठी में राजीव गांधी और राहुल गांधी के सांसद प्रतिनिधि के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।
मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में गृह मंत्री बनाए गए अमित शाह ने शनिवार को अपना कार्यभार संभाल लिया। अमित शाह थोड़ी देर पहले ही गृह मंत्रालय पहुंचे थे। इस दौरान वहां मौजूद अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इससे पहले अमित शाह सुबह के वक्त राजनाथ सिंह से मिलने उनके आवास पहुंचे थे। बता दें कि पिछली सरकार में गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी राजनाथ सिंह ने ही संभाली थी। इस सरकार में राजनाथ सिंह को रक्षा मंत्री बनाया गया है।


अमित शाह ने शनिवार को गृह मंत्रालय का कामकाज संभाल लिया। अमित शाह आज संयुक्त गृह सचिव अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे।
केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने विकास कार्यों के साथ पर्यावरण संरक्षण को सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा है कि मंत्रालय पंचतत्व की रक्षा करने के मूल मकसद को प्राप्त करेगा। जावड़ेकर ने शनिवार को पर्यावरण मंत्रालय का कार्यभार ग्रहण करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने पिछले कार्यकाल में भी इस धारणा को गलत साबित किया कि विकास और पर्यावरण संरक्षण का काम एक साथ नहीं हो सकता है।
राजनाथ सिंह ने रक्षा मंत्री का कार्यभार संभाल लिया है। राजनाथ सिंह दोपहर के वक्त रक्षा मंत्रालय पहुंचे। जिसके बाद मंत्रालय के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। राजनाथ सिंह के साथ रक्षा राज्यमंत्री श्रीपद नाईक भी मंत्रालय पहुंचे।
मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में कृषि मंत्री बनाए गए नरेंद्र सिंह तोमर ने आज अपना कार्यभार संभाल लिया है।
कांग्रेस संसदीय दल की बैठक समाप्त हो गई है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी बैठक से निकल गए हैं। बता दें कि बैठक में एक बार फिर सोनिया गांधी को संसदीय दल की नेता चुन लिया गया है। बैठक में सोनिया गांधी ने राहुल गांधी को दूरदर्शी नेता बताया और उनकी तारीफ की। वहीं राहुल गांधी ने अपने संबोधन में पार्टी सांसदों को आक्रामक रुख अपनाने के निर्देश दिए और कहा कि वह इंच-इंच के लिए लड़ाई लड़ेंगे।
कांग्रेस संसदीय दल की बैठक के अंदर के दृश्य
अमित शाह कुछ ही देर में गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल लेंगे। फिलहाल वह अपने घर से निकल चुके हैं और कुछ ही देर में मंत्रालय पहुंच जाएंगे।
कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने चुनकर आए पार्टी के 52 सांसदों से मुखातिब हुए। इस दौरान राहुल गांधी ने पार्टी सांसदों से आक्रामक बने रहने की बात कही।
दिल्ली में आज कांग्रेस संसदीय दल की बैठक हो रही है। खबर के अनुसार, इस बैठक में सोनिया गांधी को कांग्रेस के संसदीय दल का नेता चुन लिया गया है।
रक्षा मंत्रालय के अधिकारी और तीनों सेनाओं के प्रमुखों ने शुक्रवार को नए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मिलकर उन्हें ब्रीफ किया। इस दौरान अधिकारी राजनाथ सिंह को एक प्रजेंटेशन भी दिया, जिसमें उनकी भूमिका और अन्य जरुरी जानकारियां दी गई।