Nagaland Assembly elections: नागालैंड विधानसभा चुनाव के लिए 27 फरवरी को मतदान होने हैं। ऐसे में वोटिंग से पहले ही भाजपा को पहली जीत मिली है। बता दें कि अकुलुतो विधानसभा क्षेत्र से मैदान में उतरे भाजपा के उम्मीदवार काझेतो किनिमी को फिर से निर्विरोध चुना गया है। दरअसल उनके सामने एकमात्र प्रतिद्वंद्वी और कांग्रेस उम्मीदवार खेकाशे सुमी ने अपना नामांकन शुक्रवार (10 फरवरी) को वापस ले लिया।
बता दें कि चुनाव अधिकारी के मुताबिक 10 फरवरी को नामांकन वापस लेने का आखिरी दिन था। ऐसे में कांग्रेस प्रत्याशी खेकाशे सुमी ने अपना नामांकन वापस ले लिया। जिसकी वजह से 68 साल के भाजपा उम्मीदवार काझेतो किनिमी को जीत मिली है। वहीं किनिमी ने निर्विरोध चुने जाने के तुरंत बाद अपने समर्थकों संग जश्न मनाया।
बता दें कि नागालैंड में हुए 2018 के विधानसभा चुनावों में भी काझेतो किनिमी अकुलुतो विधानसभा सीट से चुनाव जीते थे। वहीं इस बार भी उनकी जीत तय हो चुकी है। दूसरी बार अकुलुतो सीट से जीते किनिमी ने एक ट्वीट में लिखा कि दूसरे कार्यकाल के लिए अकुलुतो 31 ए/सी के लोगों का निर्विरोध रूप से प्रतिनिधित्व करने के लिए विनम्र और सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मैं इस मौके पर मै सर्वशक्तिमान ईश्वर की प्रार्थना करता हूं। इसके साथ ही अपने समर्थकों, शुभचिंतकों, अकुलुतो भाजपा मंडल और नागालैंड राज्य भाजपा के कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करता हूं।
वहीं नागालैंड के उपमुख्यमंत्री और भाजपा विधायक दल के नेता यानथुंगो पैटन ने किनिमी को उनकी जीत पर बधाई दी। पैटन ने ट्वीट किया, “लोगों की आकांक्षाओं और माननीय पीएम नरेंद्र मोदी के संकल्प के अनुसार राज्य को आगे बढ़ाने के लिए उन्हें शुभकामनाएं।”
इसके अलावा किनिमी की जीत पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष ने कहा कि किनिमी की जीत पार्टी के लिए एक अच्छी खबर है। यह पार्टी के लिए शुभ संकेत है। अकुलुतो एसी से निर्विरोध चुनाव जीतने पर उन्हें बधाई। मालूम हो कि नागालैंड में विधानसभा की 60 सीटें हैं। जिसपर 27 फरवरी 2023 को चुनाव होने वाले हैं।
गौरतलब है कि पिछली बार (2018) में एनडीपीपी ने 18 सीटें जीती थीं। बीजेपी को 12 सीटें मिली थीं और उसने अन्य पार्टियों और निर्दलीय उम्मीदवारों के समर्थन से नागालैंड में सरकार बनाई थी।