Lok Sabha Election 2024, Mumbai South Lok Sabha Seat: 2024 का लोकसभा चुनाव आने वाला है और इसकी चर्चा भी शुरू हो गई है। महाराष्ट्र की राजनीति पिछले 5 सालों से लगातार चर्चा में बनी हुई है। जब महाराष्ट्र की राजनीति की बात होती है तो मुंबई साउथ लोकसभा सीट भी चर्चा में आती है। मुंबई साउथ लोकसभा सीट से वर्तमान में सांसद शिवसेना (UBT) के अरविंद सावंत हैं। पिछले दो बार से वह लगातार चुनाव जीत रहे हैं।

उद्धव गुट के अरविंद सावंत हैं सांसद

अरविंद सावंत ने 2019 में शिवसेना उम्मीदवार के तौर पर मुंबई साउथ सीट से करीब एक लाख वोटों से जीत दर्ज की थी। अरविंद सावंत ने 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के मिलिंद देवड़ा को चुनाव हराया था। 2014 के पहले 2004 और 2009 में कांग्रेस के टिकट पर मिलिंद देवड़ा ने यहां से जीत दर्ज की थी। हालांकि अब मिलिंद देवड़ा ने शिवसेना ज्वाइन कर ली है और वह राज्यसभा जा रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि यहां से NDA किसी नए उम्मीदवार पर दांव लगा सकता है।

हालांकि अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं। 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में शिवसेना एक थी लेकिन अब दो गुटों में बंट गई है। जब मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शिवसेना से बगावत की, उसके बाद शिवसेना का तीर धनुष चुनाव चिन्ह उन्हें मिल गया और उद्धव ठाकरे गुट को नया चुनाव चिन्ह मिला है। अरविंद सावंत उद्धव ठाकरे के साथ हैं यानी कि 2024 के लोकसभा चुनाव में अगर वह यहां से चुनाव लड़ते हैं तो उन्हें नए चुनाव चिन्ह के साथ मैदान में उतरना पड़ेगा।

जानिए क्या है समीकरण

मुंबई साउथ लोकसभा सीट के समीकरण पर नजर डाले तो यहां पर करीब 16 लाख मतदाता हैं। इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या करीब 9 लाख है। इस लोकसभा सीट पर मराठी और गुजराती वोटर जीत हार तय करते हैं जबकि मुस्लिम, क्रिश्चियन, पारसी और दलित वोटर की संख्या भी अच्छी खासी है।

मुंबई साउथ काफी पॉश इलाका है। इसी लोकसभा सीट में गेटवे ऑफ इंडिया और जुहू बीच भी पड़ता है। यहीं पर प्रसिद्धि हाजी अली दरगाह भी है। ऐसे में इस लोकसभा सीट की अहमियत भी काफी महत्वपूर्ण हो जाती है।