MP Chunav Election Result 2018, MP Vidhan Sabha Election Chunav Result 2018: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों में भले ही कड़ी टक्कर के बावजूद भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। लेकिन 15 साल की एंटी इनकमबेंसी के बावजूद इसे शिवराज सिंह चौहान का अच्छा प्रदर्शन माना जा रहा है। शिवराज सिंह चौहान अपनी बुधनी सीट पर एक बार फिर बड़े अंतर से जीत गए हैं। उन्होंने कांग्रेस के दिग्गज नेता पूर्व नेता प्रतिपक्ष अरुण यादव को हराया है। गौरतलब है कि इस बार उनकी सीट पर खुद उन्होंने एक बार भी प्रचार नहीं किया। इस सीट की कमान उनकी पत्नी साधना सिंह चौहान और बेटे कार्तिकेय चौहान ने संभाली थी। शिवराज को इस बार अपनी सीट पर 1,23,492 वोट मिले। वहीं अरुण यादव को 64,493 वोट ही मिले। यानी इस बार भी वे 58,999 वोटों के बड़े अंतर से जीते हैं। हालांकि पिछली बार की तुलना में यह काफी कम रहा है।
…ऐसा रहा है बुधनी का इतिहास
इस सीट पर 1957 से अब तक कांग्रेस सिर्फ पांच बार चुनाव जीती है। इसके अलावा दो बार निर्दलीयों के खाते में रही है। इसके अलावा सात बार भारतीय जनता पार्टी, एक-एक बार जनता पार्टी और जनसंघ के खाते में रही। बुधनी शिवराज सिंह चौहान का गृह क्षेत्र भी है। जैत गांव के निवासी शिवराज यहां से पांच बार और लगातार चौथी बार विधायक बने हैं। पहली बार उन्होंने बुधनी से ही 1990 में जीत दर्ज की थी, यह उनके चुनावी करियर का आगाज था। इसके बाद 2006 के उपचुनाव में जीतकर मुख्यमंत्री बने और फिर 2008 और 2013 में भी उन्होंने यहां से जीत दर्ज की। 2013 में शिवराज ने यहां से कांग्रेस के डॉ महेंद्र सिंह चौहान को 84,805 वोटों के अंतर से हराया था। वहीं 2008 में उन्होंने कांग्रेस के महेश सिंह राजपूत को 41,525 वोटों के अंतर से हराया था। वहीं 2006 में उपचुनाव में उन्होंने कांग्रेस के राजकुमार पटेल को 36,525 वोटों से हराया था।
Election Result 2018 LIVE: Rajasthan | Telangana | Mizoram | Madhya Pradesh | Chhattisgarh Election Result 2018
बुधनी में इस बार ऐसा रहा था मतदान
उल्लेखनीय है कि बुधनी में इस बार 83.04 फीसदी मतदान हुआ था। यहां 2,44,871 लोगों के नाम सूचीबद्ध हैं, इनमें से कुल 2,03,336 लोगों ने मतदान किया था। मतदाताओं में 1,09,121 पुरुष और 94,213 महिलाएं शामिल हैं। मध्य प्रदेश में इस बार 230 में से 114 सीटें कांग्रेस, भाजपा के पास 109, बसपा के पास दो सीटें, सपा के पास एक और निर्दलीयों के पास चार सीटें रहीं।