MP Chunav Election Result 2018, MP Vidhan Sabha Election Chunav Result 2018: मध्य प्रदेश के इतिहास में पहली बार निर्दलीय विधायकों की भूमिका इतनी महत्वपूर्ण हो गई है। 230 सीटों पर आए विधानसभा चुनाव के नतीजों में कांग्रेस को 114, भाजपा को 109, बसपा को दो और सपा को एक सीटें मिली हैं। वहीं चार सीटें निर्दलीयों के खाते में रहीं। मध्य प्रदेश में बहुमत के आंकड़े 116 तक कोई भी पार्टी नहीं पहुंच पाई। लेकिन समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के साथ-साथ ने कांग्रेस को समर्थन का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही चारों निर्दलीयों ने भी कांग्रेस का दामन थामने का ऐलान कर दिया है। बुधवार को ही चारों पार्टी फिर से पार्टी में शामिल हो जाएंगे। इस तरह से अकेले कांग्रेस अपने ही दम पर सरकार बनाएगी।

ऐसा है चारों निर्दलीयों का प्रदर्शन और इतिहास

– विक्रम सिंह राणाः सुसनेर विधानसभा सीट से कांग्रेस के बागी होकर निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर लड़े विक्रम सिंह राणा को 75,804 वोट मिले। यहां कांग्रेस के महेंद्र भैरूसिंह बापू 48,742 मतों के साथ दूसरे और भाजपा के मुरलीधर पाटीदार 43,880 तीसरे नंबर पर रहे।

– केदार चिड़ाभाई डावरः भगवानपुरा विधानसभा सीट से डावर ने बतौर निर्दलीय चुनाव लड़कर 73,758 मत हासिल किए। यहां से 64,042 मतों के साथ भाजपा के जमनासिंह सोलंकी दूसरे और 20,112 मतों के साथ कांग्रेस के विजय सिंह सोलंकी तीसरे नंबर पर रहे। डावर भी कांग्रेस के ही बागी हैं।

Election Result 2018 Highlights: Rajasthan | Telangana | Mizoram | Madhya Pradesh | Chhattisgarh Election Result 2018

– ठाकुर सुरेंद्र सिंह नवल सिंहः बुरहानपुर विधानसभा सीट से सुरेंद्र सिंह बतौर निर्दलीय चुनाव लड़कर पहले नंबर पर रहे। उन्हें 98,561 वोट मिले। वहीं यहां से भाजपा की अर्चना दीदी 93,441 मतों के साथ दूसरे नंबर पर रहीं। वहीं कांग्रेस के रविंद्र सुका महाजन को यहां महज 15,369 मत मिल पाए। सुरेंद्र सिंह भी कांग्रेस के ही बागी हैं।

– प्रदीप जायसवालः वारासिवनी विधानसभा सीट से बतौर निर्दलीय लड़े प्रदीप अमृतलाल जायसवाल 57,783 मतों के साथ सबसे आगे रहे। यहां से 53,921 मतों के साथ भाजपा के डॉ योगेद्र निर्मल दूसरे और बसपा के अजय रामकुमार नागपुरे 21,394 मतों के साथ तीसरे नंबर पर रहे। यहां कांग्रेस के संजय सिंह मसानी 11,785 मतों के साथ चौथे नंबर पर रहे। मसानी मध्य प्रदेश के निवर्तमान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साले हैं।