महाराष्ट्र में विधानसभा की 288 सीटें हैं। राज्य में सभी 288 विधानसभा सीटों पर एक साथ 20 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। इसके बाद मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी। महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए गजट नोटिफिकेशन 22 अक्टूबर 2024 को जारी किया जाएगा। राज्य में चुनाव लड़ने के लिए नामांकन भरने की आखिरी तारीख 29 अक्टूबर है। इसके बाद 30 अक्टूबर को नामांकनों की स्क्रूटनी की जाएगी। उम्मीदवार 4 नवंबर तक नामांकन वापस ले सकते हैं।
महाराष्ट्र में इस बार विधानसभा चुनाव पिछले कई बार से अलग होने वाले हैं। राज्य में पिछले पांच सालों दो बड़े दलों में फाड़ हुए है और नए गठबंधन सामने आए है। ऐसे में विधानसभा चुनाव में ऊंट किस करवट बैठेगा, इसका अंदाजा लगाना आसान नहीं होगा। महाराष्ट्र में इस बार एनडीए (महायुति) में बीजेपी के साथ शिवसेना (एकनाथ शिंदे की पार्टी) और एनसीपी (अजित पवार की पार्टियां) शामिल हैं। वहीं दूसरी तरफ इंडिया गठबंधन यानी महा विकास अघाड़ी में कांग्रेस, एनसीपी एससीपी (शरद पवार की पार्टी) और शिवसेना यूबीटी (उद्धव ठाकरे की पार्टी) शामिल हैं।
महाराष्ट्र में विधानसभा की 288 सीटें हैं। इन सीटों में से 29 सीटें SC वर्ग के लिए जबकि 25 सीटें ST वर्ग के लिए आरक्षित हैं। राज्य में सभी सीटों पर एक चरण में 20 नवंबर को वोट डाले जाएंगे।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में 9,64,85,765 लोगों के पास वोटिंग का राइट है। राज्य में कुल वोटर्स में से 9,63,69,410 सामान्य वोटर हैं जबकि सर्विस वोटर्स की संख्या 1,16,355 है।
महाराष्ट्र में 18-19 साल उम्र वाले वोटर्स की संख्या 20,93,206 है। इन सभी को पहली बार वोटिंग राइट हासिल हुआ है। इसके अलावा राज्य में PwD वोटर्स की संख्या 6,36,278 और थर्ड जेंडर वोटर्स की संख्या 6,031 है। बात अगर 85+ उम्र वाले वरिष्ठ नागरिकों की करें तो राज्य में ऐसे वोटर्स की संख्या 12,43,192 है।
महाराष्ट्र में साल 2019 में 96,653 पोलिंग स्टेशन बनाए गए थे। इस बार राज्य में 1,00,186 पोलिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। चुनाव आयोग की तरफ से जानकारी दी गई है कि PwD वोटर्स वोट डालने के लिए सक्षम SCI एप के जरिए व्हीलचेयर सुविधा की डिमांड कर सकते हैं।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमा रहे प्रमुख दलों में बीजेपी, कांग्रेस, शिवसेना, शिवसेना यूबीटी, एनसीपी, एसीपी एससीपी शामिल हैं। इसके अलावा भी कई छोटे दल महाराष्ट्र के चुनावों में किस्मत आजमाते नजर आएंगे।