Madhya Pradesh Assembly Election Results in Hindi: मध्य प्रदेश की सीधी विधानसभा सीट पर मतगणना शुरू हो गई है। कुछ घंटों में इस सीट के नतीजे सामने आएंगे। सीधी विधानसभा सीट पर मुकाबला बीजेपी की रीति पाठक और कांग्रेस के ज्ञान सिंह के बीच है। रीति पाठक 13134 वोटों से आगे चल रही हैं। 2018 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर बीजेपी उम्मीदवार केदारनाथ शुक्ला ने जीत दर्ज की थी।
सीधी सीट पेशाब कांड की वजह से चर्चा में आई। आदिवासी युवक पर पेशाब करने के मामले की वजह से भाजपा ने अपने वर्तमान विधायक का टिकट काटकर नया प्रत्याशी खड़ा किया। केदारनाथ शुक्ला के टिकट कटने की सबसे बड़ी वजह ‘पेशाब कांड’ है क्योंकि पेशाब कांड का आरोपी प्रवेश शुक्ला भाजपा से जुड़ा हुआ था और विधायक केदारनाथ का करीबी था। इस घटना के बाद भाजपा पर मध्य प्रदेश में आदिवासियों के अपमान का आरोप लगा।
सीधी विधानसभा सीट का राजनीतिक इतिहास
सीधी विधानसभा सीट के राजनीतिक इतिहास की बात करें तो इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी का दबदबा रहा है। 1990 से लेकर अब तक इस सीट पर 4 बार बीजेपी तो 3 बार कांग्रेस यह सीट जीत चुकी है। केदारनाथ शुक्ला यहां पर चुनावी जीत की हैट्रिक लगा चुके हैं। कद्दावर नेता केदारनाथ शुक्ला ने 2008 के चुनाव में जीत हासिल की थी। फिर वह 2013 और 2018 के चुनाव में भी चुने गए।
क्या था 2018 विधानसभा चुनाव का परिणाम?
2018 के विधानसभा चुनाव में सीधी सीट पर कुल 12 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। सीधी विधानसभा सीट के लिए साल 2018 में हुए चुनाव के नतीजों पर नजर डालें, तो भाजपा के केदारनाथ शुक्ला यहां से लगातार तीसरी बार चुनाव जीते थे। 2018 में हुए सीधी विधानसभा चुनाव में भाजपा के केदारनाथ शुक्ला के सामने मैदान में कांग्रेस की तरफ से कमलेश्वर प्रसाद चुनाव लड़ रहे थे। केदारनाथ शुक्ला को 69,297 वोट मिले थे। वहीं कांग्रेस के कमलेश्वर प्रसाद 49,311 वोट ही पा सके थे। भाजपा ने 19 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से चुनाव जीता था।
सीधी सीट पर बीजेपी ने सांसद रीति पाठक को चुनावी मैदान में उतारा है। रीति पाठक यहां से 2014 और 2019 में लोकसभा का चुनाव जीत चुकी हैं। वह पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ेंगी। चुनाव में सीधी विधानसभा सीट पर कुल 2,22,107 वोटर्स थे जिसमें पुरुष वोटर्स की संख्या 1,16,371 थी तो महिला वोटर्स की संख्या 1,05,734 थी। इनमें से कुल 1,50,167 (68.9%) वोटर्स ने वोट डाले। चुनाव में NOTA के पक्ष में 2,823 (1.3%) वोट पड़े थे। सीधी सीट पर इस समय 2.24 लाख से ज्यादा वोटर्स हैं। क्षेत्र में सबसे ज्यादा गोंड बिरादरी के वोटर्स हैं। गोंड के अलावा ब्राह्मण, क्षत्रिय और साहू वोटर्स भी यहां प्रभावी हैं।