मध्यप्रदेश में चुनावों की तारीखों का एलान होने के साथ ही राजनीति में पाला बदलने का दौर भी शुरू हो गया है। राजनितिक लोग अपने हितों के हिसाब प्रत्येक पार्टी में अपनी संभावना तलाश रहे है। राज्य में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस में पिछले चुनावों में स्टार प्रचारक की भूमिका निभाने वाली एक साध्वी बीजेपी में शामिल हो गयी। मध्य प्रदेश में कांग्रेस की साध्वी प्रियंका भारती बुधवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गईं। ये जानकारी पार्टी के मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पराशर ने ट्विटर अकाउंट के जरिये दी।
भाजपा के प्रदेश कार्यालय में प्रदेशअध्यक्ष राकेश सिंह ने उन्हें पार्टी की सदस्यता प्रदान की। भाजपा की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि, कांग्रेस की स्टार प्रचारक साध्वी प्रियंका भारती बुधवार को कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गईं। पार्टी में शामिल में होने के बाद साध्वी प्रियंका ने कहा कि वो बीजेपी में हिंदुत्व के मुद्दे को लेकर शामिल हुई है।
माना जाता है कि साध्वी का विदिशा और आसपास के क्षेत्रों में काफी प्रभाव है। जिसके लिए बीजेपी उनके अनुयायियो को भी साध रही है क्योंकि इन क्षेत्रों में साध्वी के अनुयायियों की अच्छी-खासी तादाद है।इसके पूर्व के चुनावों में साध्वी प्रियंका भारती ने कांग्रेस के लिए वोट मांगे थे, लेकिन इस बार के विधानसभा चुनावों में वो बीजेपी के पक्ष में वोट मांगती हुई देखी जा सकती है।
उन्हें बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने पार्टी की सदस्यता प्रदान की। साध्वी प्रियंका ने पत्रकारों से कहा, “कांग्रेस में जाना भूल थी। भाजपा राष्ट्रवादी पार्टी है और भारतीय मूल्यों के प्रति समर्पित संगठन है। इसलिए भाजपा में शामिल होकर गौरव का अनुभव हो रहा है।” साध्वी के इस फैसले को कांग्रेस के लिए एक झटका माना जा रहा है। चुनाव के माहौल में साध्वी प्रियंका का कांग्रेस छोड़ना चुनाव में असर डाल सकता है। फिलहाल कांग्रेस ने अभी इस मामले में चुप्पी साध रखी है।