लोकसभा चुनाव के लिए तीसरे चरण का चुनाव प्रचार आज शाम 5 के बाद बंद हो जाएगा। 7 मई को तीसरे चरण के लिए वोटिंग होगी। 7 मई को 10 राज्य और दो केंद्र शासित प्रदेशों की कुल 94 सीटों पर वोटिंग होगी। इसमें असम की 4, बिहार की 5, छत्तीसगढ़ की 7, गोवा की 2, गुजरात की सभी 26, कर्नाटक की 14, मध्य प्रदेश की 8, महाराष्ट्र के 11, उत्तर प्रदेश की 10, बंगाल की 4 और दादरा और नगर हवेली और दमन और दीव की दो-दो सीटों पर वोटिंग होगी।

गुना से सिंधिया मैदान में

तीसरे चरण में करीब 10 सीटें ऐसी है, जहां पर हाई प्रोफाइल उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। 7 मई को मध्य प्रदेश के गुना में भी वोटिंग होगी, जहां बीजेपी के टिकट पर ज्योतिरादित्य सिंधिया मैदान में हैं। 2019 के चुनाव में वह कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर हार गए थे। 7 मई को आगरा लोकसभा सीट पर भी वोटिंग होगी, जहां से बीजेपी के टिकट पर मोदी सरकार में मंत्री एसपी सिंह बघेल चुनाव लड़ रहे हैं।

प्रह्लाद जोशी, डिंपल, पल्लवी डेम्पो और अधीर रंजन की प्रतिष्ठा दांव पर

मोदी सरकार में मंत्री प्रह्लाद जोशी धारवाड़ से चुनाव लड़ रहे हैं, जहां पर 7 मई को मतदान होगा। 7 मई को मैनपुरी में भी मतदान होगा, जहां से सपा मुखिया अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव मैदान में है। बंगाल की बहरामपुर लोकसभा सीट से अधीर रंजन चौधरी कांग्रेस के टिकट पर लड़ रहे हैं। अधीर रंजन चौधरी बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष भी हैं। 7 मई को यहां वोटिंग होगी। दक्षिण गोवा लोकसभा सीट से भाजपा के टिकट पर पल्लवी डेम्पो चुनाव लड़ रही हैं। वह तीसरे चरण की सबसे अमीर उम्मीदवार हैं।

अजमल, शिवराज, दिग्विजय और सुप्रिया सुले का भी होगा फैसला

असम की धुबरी सीट से ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट के अध्यक्ष बदरुद्दीन अजमल मैदान में हैं। वह 2009 से ही इस सीट पर चुनाव जीत रहे हैं। मध्य प्रदेश की विदिशा लोकसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भाजपा के टिकट पर मैदान में हैं। शिवराज सिंह चौहान पांच बार इस सीट से सांसद रह चुके हैं। मध्य प्रदेश की राजगढ़ सीट से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह कांग्रेस के टिकट पर मैदान में हैं। महाराष्ट्र की बारामती लोकसभा सीट से शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले मैदान में हैं। यहां पवार बनाम पवार की लड़ाई है, क्योंकि उनके खिलाफ अजित पवार की पत्नी मैदान में हैं।

जानिए क्या हैं तीन बड़े मुद्दे

पाकिस्तान

पाकिस्तान के पूर्व सूचना प्रसारण मंत्री फवाद चौधरी हुसैन ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर राहुल गांधी की तारीफ की थी। उन्होंने राहुल की तुलना पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से की थी। इस मुद्दे को भी बीजेपी ने उठाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद गुजरात में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि राहुल गांधी के लिए पाकिस्तान से दुआ हो रही है। यानी पाकिस्तान भी भारत में कमजोर कांग्रेस सरकार चाहता है। यह मुद्दा तीसरे चरण के चुनाव प्रचार के दौरान काफी उछाला था।

आरक्षण पर अमित शाह का बयान

अमित शाह ने तेलंगाना में मुस्लिमों के लिए आरक्षण हटाने की बात कही थी। इस बयान को लेकर भी काफी हंगामा मच गया। इस वीडियो को एडिट करके ऐसा बना दिया गया जिससे ऐसा लग रहा हो कि अमित शाह एससी-एसटी और ओबीसी के आरक्षण को खत्म करने की बात कर रहे हैं। हालांकि पुलिस इस मामले में सक्रिय हो गई और बताया कि यह डीपफेक वीडियो है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंथ रेड्डी को भी समन भेजा है।

राहुल पर अमेठी से भागने का आरोप

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रायबरेली सीट से भी नामांकन भरा है। यानी वह रायबरेली से चुनाव लड़ेंगे। पहले राहुल अमेठी से सांसद थे। 2019 में वह चुनाव हार गए थे। वहीं अब उनके रायबरेली जाने पर बीजेपी आरोप लगा रही है कि वह हारने के बाद अमेठी छोड़कर रायबरेली भाग रहे हैं।