Lok Sabha Election 2019: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विवादित बयान देते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ‘लतखोर और धरनामंत्री’ कह डाला। उन्होंने सवाल किया कि आप प्रमुख शहर की सरकार के मुखिया हैं अथवा धरना और प्रदर्शन के नेता हैं? पूर्वी दिल्ली से भाजपा के उम्मीदवार गौतम गंभीर के समर्थन में मंगलवार को दिल्ली में रैली को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘हमें विश्वास है कि वह दिल्ली में हमारी जीत का खाता खोलेंगे जैसे वह क्रिकेट में भारतीय टीम के लिए खाता खोलते थे।’’

यूपी सीएम ने कहा, “आज उत्तर प्रदेश में सभी जनपदों में बिजली है। पूरी सुरक्षा की व्यवस्था है। लेकिन पहले जो बीमारी उत्तर प्रदेश में थी, अब वह बीमारी आम आदमी पार्टी दिल्ली में लेकर आ गई है। जो आम आदमी पार्टी पानी पी-पीकर भ्रष्टाचार के लिए कांग्रेस को गाली देती थी, आज उस भ्रष्टाचार में स्वंय डूब गई है। बहन-बेटियों की सुरक्षा का खतरा आप की गलत नीतियों की वजह से बढ़ा है। आप देख सकते हैं कि इनके मंत्री, विधायक रोज किसी न किसी घटना में शामिल होते हुए दिखाई देते हैं। सबसे बड़ा अजूबा तो दिल्ली के मंत्री ही हो गए हैं। पता ही नहीं चलता कि वे मुख्यमंत्री हैं या धरना मंत्री। विकास की कोई योजना आती है तो वे धरने पर बैठ जाते हैं। जब कोई कोई सुधरता नहीं तो इसलिए ही उसे कहते हैं ‘लतखोर’। व्यक्ति फिर उसी तरीके से उसे जवाब देता है। वही यहां हो रहा है।”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पहली बार हिंडन एयर बेस पर उतरे और दिल्ली में प्रवेश करने के बाद यहां की सड़कों की हालत देखकर वह हैरान हैं। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘आप सरकार ने दिल्ली को गड्ढों का शहर बना दिया है और शहर की जनता की भावनाओं को आहत किया है। केजरीवाल को विकास से कोई लेना-देना नहीं है और उनकी राष्ट्रीय राजधानी की बेहतरी के लिए केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम करने में कोई दिलचस्पी नहीं है।’’

केजरीवाल पर निशाना साधते हुए योगी ने पूछा कि आप संयोजक दिल्ली के मुखिया हैं या धरने के। उन्होंने कहा कि केजरीवाल दिल्ली में सत्ता पाने से पहले कांग्रेस पर भ्रष्टाचार को लेकर हमला करते थे और अब उसी पार्टी से गठबंधन को लेकर बेचैन हैं।
आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा और कहा कि वह नाकाम हो चुकी है और उसे अपने गढ़ अमेठी में भी हार दिखाई दे रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस विफल हो चुकी है क्योंकि नकारात्मक राजनीति नहीं करती। राजकुमार (राहुल गांधी) के बाद उसने शहजादी (प्रियंका गांधी वाड्रा) को उतार दिया। और उसके बाद क्या हुआ। वे अमेठी में भी हार देख रहे हैं।’’ उप्र के मुख्यमंत्री ने प्रियंका गांधी पर अमेठी में बच्चों को गाली वाली भाषा सिखाने का भी आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘कृपया ये गाली-गलौच इटली में जाकर सिखाएं।’’

जमात-उद-दावा प्रमुख मसूद अजहर को वैश्विक आतंकी घोषित किये जाने के संबंध में उन्होंने कहा, ‘‘उसकी उन देशों की यात्रा पर पाबंदी लगाई गयी है जो संयुक्त राष्ट्र के सदस्य हैं और उसकी संपत्ति भी कुर्क कर ली जाएगी, जिसका मतलब है कि वह कहीं बचकर नहीं जा सकता। उसका हाल भी ओसामा बिन लादेन जैसा होगा और एक दिन वह (अजहर) कुत्ते की मौत मारा जाएगा जैसे लादेन मारा गया था। यह भारत की शक्ति है और ऐसे हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो 130 करोड़ भारतीयों को इस ताकत का आभास करा रहे हैं।’ (भाषा इनपुट के साथ)

Read here the latest Lok Sabha Election 2019 News, Live coverage and full election schedule for India General Election 2019