Lok Sabha Election 2019: मध्य प्रदेश के भोपाल लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार और वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने दावा किया कि चुनावी मैदान में वे विपक्षियों से ज्यादा अच्छे हिंदू हैं। उन्होंने कहा, ‘मुझसे बड़ा हिंदू कौन है?’ कांग्रेस नेता के इस बयान पर मोदी सरकार के मंत्री रविशंकर प्रसाद ने चुटकी ली है। केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा “हम क्या कह सकते हैं, दिग्विजय सिंह प्रतिदिन अपने बयान बदलते रहते हैं। लेकिन उन्हें बोलना चाहिए। वे जितना ज्यादा बोलेंगे, उतना ही ज्यादा हमारा वोट बढ़ेगा।”

दरअसल, एक जनसभा में दिग्विजय सिंह ने कहा, “मेरे खिलाफ कहने को उन्हें (विरोधियों) को कुछ नहीं मिलता है, कोई भ्रष्टाचार का मामला मेरे उपर नहीं मिलता है, तो वे कहते हैं कि ये हिंदू विरोधी हैं। ये हिंदू नहीं है। ये आतंकवादी है। मैं हिंदू हूं, नहीं हूं, इसके लिए आपसे मुझे प्रमाणपत्र नहीं चाहिए। मध्य प्रदेश की जनता जानती है कि मैं हिंदू हूं। अच्छा हिंदू हूं और तुमसे बेहतर हिंदू हूं।” दिग्विजय सिंह के इस बयान पर रविशंकर प्रसाद ने कहा, “अब दिग्विजय सिंह के बारे में क्या कहा जाए, रोज बदलते हैं। वैसे हम चाहते हैं कि दिग्विजय सिंह बोलें। वे जितना बोलते हैं, उतना ही हमारा वोट बढ़ता है।”

बता दें कि कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह अक्सर अपने बयानों की वजह से चर्चा में रहते हैं। कुछ दिनों पहले उन्होंने कहा था कि ‘‘हिन्दुत्व शब्द मेरी डिक्शनरी में ही नहीं है।’’ हिन्दुत्व एवं हिन्दू आतंकवाद के बारे में पूछे गये सवालों के जवाब में दिग्विजय ने संवाददाताओं से कहा था, ‘‘आप लोग हिन्दुत्व शब्द का उपयोग क्यों करते हैं? हिन्दुत्व शब्द मेरी डिक्शनरी में है ही नहीं।’’

वहीं, दिग्विजय सिंह ने यह भी आरोप लगाया था कि भाजपा ने उस व्यक्ति को केन्द्रीय मंत्री बना दिया, जिसने ‘हिन्दू टेरर’ (हिन्दू आतंकवाद) शब्द का आधिकारिक तौर पर बयान दिया था। उन्होंने भाजपा अध्यक्ष से मांग की वह इस पर बोलें। दिग्विजय ने ‘हिन्दू आतंकवाद’ शब्द के लिए भाजपा पर तंज कसते हुए कहा, ‘‘जिस व्यक्ति ने गृह सचिव के तौर पर ‘हिन्दू टेरर’ शब्द का आधिकारिक तौर पर बयान दिया, उसको भाजपा ने लोकसभा का टिकट दिया और भाजपा ने उसको केन्द्रीय मंत्रिमंडल में मंत्री बनाया।’’

उन्होंने सवाल किया, ‘‘क्या (भाजपा अध्यक्ष) अमित शाह इस पर कुछ बोलेंगे।’’ दिग्विजय ने कहा, ‘‘मेरे ख्याल से वे हिन्दू सिविलाइजेशन (हिन्दू सभ्यता) के लिए अज्ञानी हैं। उनको हिन्दू सिविलाइजेशन का ज्ञान नहीं है। मैं इस विषय पर ज्यादा नहीं बोलूंगा।’’ गौरतलब है कि भोपाल लोकसभा सीट से दिग्विजय एवं कट्टर हिन्दूवादी नेता प्रज्ञा के बीच मुकाबला होना है। इस सीट पर 12 मई को मतदान होगा। (एजेंसी इनपुट के साथ)