Lok Sabha Elections 2019: लोकसभा चुनाव में पांचवें चरण की 51 सीटों के लिए जारी मतदान के बीच कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी पर निशाना साधा। उन्होंने अमेठी से भाजपा उम्मीदवार ईरानी के उस आरोप पर पलटवार करते हुए ‘रोती गुड़िया’ बताया, जिसमें उन्होंने कांग्रेस पर बूथ कैपचरिंग का आरोप लगाया। दरअसल सोमवार (6 मई, 2019) को मतदान शुरू होने के कुछ घंटों बाद स्मृति ईरानी ने ट्वीट कर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर बूथ कैपचरिंग की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने शिकायत के लिए चुनाव आयोग को ट्वीट में टैग भी किया।
अमेठी से भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी के इस आरोप के बाद पंजाब सरकार में कैबिनेट मिनिस्टर नवजोत सिंह सिद्धू ने कांग्रेस पर लगे इस आरोप का खंडन किया। उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी रोती हुई बच्ची की तरह बर्ताव करती हैं। सिद्धू ने कहा, ‘स्मृति ईरानी चांदनी चौक से 1.5 लाख से ज्यादा वोटों से हारीं। तब क्या बूथ कैपचरिंग हुई? कैसी बातें करती हैं वो… रोतड़ू हैं, रोतड़ू… रोती हैं। उनकी कहानी प्रधानमंत्री के साथ मिलती झुलती है।’ कांग्रेस की इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद भाजपा नेता ने भी कांग्रेस पर पटलवा किया है। उन्होंने मीडिया द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा, ‘प्रेस कॉन्फ्रेंस कांग्रेस कर रही है तो रो कौन रहा है?’
दरअसल स्मृति ईरानी ने मतदान शुरू होने के बाद भाजपा कार्यकर्ता का एक ट्वीट रिट्वीट करते हुए बूथ कैपचरिंग का आरोप लगाया। ट्वीट में भाजपा कार्यकर्ता ने एक महिला का वीडियो शेयर कर आरोप लगाया कि महिला वोट तो भाजपा को देना चाहतीं थीं मगर जबरदस्ती पंजे पर वोट डलवा दिया। कार्यकर्ता ने आरोप लगाया कि मामला गौरीगंज के गूजरटोला बूथ नंबर 316 का है, जहां बैठे अधिकारी ने वोट जबरन कांग्रेस को डलवा दिया। बता दें कि अमेठी कांग्रेस उम्मीदवार राहुल गांधी है। वह इसके अलावा वायनाड से भी चुनाव लड़ रहे हैं।
यहां देखें वीडियो-