लोकसभा चुनाव के छठे चरण के तहत रविवार को वोट डाले जा रहे हैं। इसी बीच बिहार से हिंसा की कुछ घटनाएं सामने आयी हैं। बिहार में हिंसा की घटना महाराजगंज लोकसभा क्षेत्र में घटित हुई। यहां राजद विधायक द्वारा भाजपा नेता को गोली मारने का आरोप लगा है। भाजपा समर्थकों द्वारा राजद विधायक की पिटाई करने का भी मामला सामने आया है। फिलहाल घायल भाजपा नेता को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं पुलिस आरोपी राजद विधायक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। खबर के अनुसार, छपरा के इसुआपुर जिले में गोलीबारी की यह घटना घटी।

आरोप है कि राजद विधायक मुंद्रिका राय ने भाजपा नेता और इसुआपुर से जिला पार्षद प्रियंका सिंह के देवर प्रमोद सिंह को गोली मार दी। गोली इसुआपुर के सतासी गांव में मारी गई। आरोपी विधायक भी इसी गांव के निवासी हैं। वहीं भाजपा नेता को गोली लगने के बाद भाजपा समर्थकों ने राजद विधायक को पकड़ लिया और उन्हें बंधक बनाकर उनकी पिटाई कर दी। राजद विधायक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। किसी तरह सारण एसपी राजद विधायक को भीड़ से बचाकर पुलिस लाइन लेकर आए। राजद विधायक का कहना है कि वह निर्दोष हैं और अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताते हुए इसे साजिश करार दिया है।

वहीं एक अन्य घटना में बिहार की शिवहर लोकसभा सीट के माधवपुर सुंदर बूथ संख्या 275 पर एक मतदान कर्मी की गोली लगने से मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि पोलिंग बूथ पर तैनात होमगार्ड के जवान की बंदूक से यह गोली चली। घटना कैसे हुई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस फिलहाल इसे दुर्घटना मानकर चल रही है और यह मान रही है कि होमगार्ड जवान की गोली से लापरवाही से गोली चल गई, जो कि मतदानकर्मी को लग गई। हादसे में मारे गए मतदान कर्मी की पहचान शिवेन्द्र किशोर के रुप में हुई है, जो कि पेशे से शिक्षक हैं।

बता दें कि पश्चिम बंगाल से भी हिंसा की खबरें आयी हैं। पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम में शनिवार की रात एक भाजपा कार्यकर्ता मृत हालात में मिला है। भाजपा का दावा है कि इसके पीछे टीएमसी कार्यकर्ताओं का हाथ है। वहीं ईस्ट मेदिनीपुर के भगवानपुर इलाके में दो भाजपा कार्यकर्ताओं को गोली मारने की भी खबर है। दोनों को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।